नवंबर इंटरनेशनल विंडो के अपने पहले फ्रेंडली मैच में भारत को न्यूजीलैंड के हाथों 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला गुरुवार को गो मीडिया स्टेडियम में खेला गया, जो न्यूजीलैंड की धरती पर भारत का पहला मैच था। दोनों टीमें रविवार को क्राइस्टचर्च में अपने दूसरे फ्रेंडली मैच में फिर से आमने-सामने होंगी।
मैच के पांचवें मिनट में भारतीय डिफेंडर बिजॉय वर्गीस के 'ओन गोल' (अपनी ही टीम के गोलपोस्ट में गेंद डालना) से न्यूजीलैंड का खाता खुला। इसके बाद जेसी रैंडल ने दो गोल दागे, जबकि क्रिस वुड और लैचलान बेलीस ने भी एक-एक गोल करके न्यूजीलैंड को एक बड़ी जीत दिलाई।
जून के बाद पहली बार राष्ट्रीय टीम में वापसी कर रहे भारतीय गोलकीपर विशाल कैथ ने कई शानदार बचाव किए, जिससे भारत को और भी बड़ी हार से बचाया जा सका। हालांकि, उन्हें अपनी टीम से ज्यादा मदद नहीं मिल सकी।