भारतीय बास्केटबॉल स्टार गोविंदा शर्मा का मानना है कि अगर भारत अभी से 3x3 बास्केटबॉल में गंभीरता से निवेश करना शुरू कर दे, तो 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। हालांकि, वह मानते हैं कि 2028 लॉस एंजिल्स गेम्स में जगह बनाना मुश्किल हो सकता है।
गोविंदा शर्मा ने 'आईएएनएस' से कहा, "5x5 का एक सही रोडमैप है, लेकिन अगर आप इसके इतिहास को देखें, तो यह मुश्किल है। 3x3 एक नया खेल है और यह सभी के लिए नया है। इसमें भारत के पास बेहतर मौके हैं। अगर हम अभी से कोशिश करें, तो भले ही 2028 ओलंपिक में नहीं, लेकिन 2032 के संस्करण में खेल सकते हैं।"
बास्केटबॉल का छोटा प्रारूप, 3x3 बास्केटबॉल, टोक्यो 2020 गेम्स में ओलंपिक में पहली बार शामिल हुआ था और यह पेरिस 2024 ओलंपिक का भी हिस्सा था। यह फॉर्मेट लॉस एंजिल्स 2028 में फिर से वापसी करेगा, जिसमें पुरुष और महिलाओं की टीमों की संख्या बढ़कर 12 हो जाएगी।