इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 सीजन के बीच मुंबई सिटी एफसी फुटबॉल क्लब ने अपनी आक्रमण पंक्ति को मजबूत करने के लिए अनुभवी स्लोवेनियाई स्ट्राइकर लुका माजसेन को टीम में शामिल किया है। क्लब ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
36 वर्षीय सेंटर-फॉरवर्ड खिलाड़ी लुका माजसेन के पास भारतीय फुटबॉल का काफी अनुभव है। 2020 में भारत आने के बाद से वह कई क्लबों के लिए खेल चुके हैं और कई घरेलू खिताब जीत चुके हैं। उनके आने से मुंबई सिटी को अटैकिंग विभाग में और अधिक विकल्प मिलेंगे, जिससे टीम मौजूदा सीजन के लिए और मजबूत होगी।
माजसेन ने भारत में अपने फुटबॉल सफर की शुरुआत चर्चिल ब्रदर्स से की थी, जहां वह आई-लीग में दूसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी रहे। इसके बाद वह बेंगलुरु यूनाइटेड से जुड़े और टीम को बैंगलोर सुपर डिवीजन का खिताब जिताने में मदद की। उस टूर्नामेंट में वह 15 गोल के साथ सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे।