बेंगलुरु पुलिस ने पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और 1980 मॉस्को ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता एम.एम. सोमैया के मेडल और कीमती सामान की चोरी के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी हुआ सारा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस का आभार जताते हुए सोमैया ने कहा कि सामान वापस मिलने पर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है, मानो उन्होंने अपना ओलंपिक स्वर्ण पदक फिर से जीत लिया हो। इंदिरानगर पुलिस ने इस चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान मणिक्या उर्फ मणिकांता (31) - जो एक मजदूर है - और बनशंकरी के रहने वाले भरत उर्फ डार्ली (25) के रूप में हुई है। यह चोरी तब हुई थी, जब सोमैया कुछ दिनों की छुट्टी मनाने अपने गृहनगर कोडागु के मडिकेरी गए हुए थे।
चोर सोमैया का 1980 मॉस्को ओलंपिक का स्वर्ण पदक, 1982 नई दिल्ली एशियाई खेलों का रजत पदक, 1986 सियोल एशियाई खेलों का कांस्य पदक और 1982 एम्स्टर्डम चैंपियंस ट्रॉफी का कांस्य पदक चुरा ले गए थे। इसके अलावा, वे लगभग 3.5 लाख रुपये कीमत का कीमती सामान भी चुरा ले गए थे। इसमें 10 ग्राम का सोने का कंगन, 8 ग्राम का सोने का सिक्का, 144 ग्राम वजन के दो चांदी के कप, छह चांदी के चम्मच, 80 ग्राम का चांदी का बर्तन और 30,000 रुपये नकद शामिल थे।