इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की पूर्व विजेता मुंबई सिटी एफसी ने बुधवार को ब्राजील के 30 वर्षीय अटैकिंग मिडफील्डर एड्रियन बेनावेन्युटो डॉस सैंटोस के टीम में शामिल होने की घोषणा की है।
फोज डो इगुआसु में जन्मे इस बाएं पैर के अटैकिंग मिडफील्डर ने अपना अधिकांश फुटबॉल करियर ब्राजील में बिताया है। उन्होंने यपिरंगा एफसी, फोज डो इगुआसु, कास्कावेल, एटलेटिको डी अलागोइन्हास और रिवर एसी जैसे क्लबों के लिए खेला है। इसके अलावा, वह सैंटो आंद्रे, इनहुमास और मोटो क्लब का भी हिस्सा रहे। दिसंबर 2025 में उन्होंने बार्सिलोना-बीए क्लब में वापसी की थी।
एड्रियन के आने से मुंबई सिटी की टीम में रचनात्मकता आएगी और आक्रमण पंक्ति मजबूत होगी, जिससे 'द आइलैंडर्स' (मुंबई सिटी) को इस सीजन में अपने लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी। मुंबई सिटी के अटैकर एड्रियन बेनावेन्युटो डॉस सैंटोस ने कहा, "मुझे यह मौका देने के लिए मैं आभारी हूं और इस टीम का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हूं। मैं जब भी मैदान पर उतरूं, तो अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहता हूं, अपने साथियों की मदद करना चाहता हूं और प्रशंसकों को गौरवान्वित करना चाहता हूं।"