भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष और पूर्व एथलीट पीटी उषा को आईओए बोर्ड में 'आउटस्टैंडिंग मेरिट' (एसओएम) श्रेणी की चार महिला खिलाड़ियों के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। यह चुनाव काफी विवादों और आरोप-प्रत्यारोप के बीच हुआ। इस चुनाव के दौरान बाहरी दखल के भी आरोप लगे। पीटी उषा की हार को उनके लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि इससे भविष्य में आईओए अध्यक्ष पद पर दोबारा चुने जाने की उनकी संभावनाओं पर असर पड़ सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 'आउटस्टैंडिंग मेरिट' (एसओएम) वाली महिला खिलाड़ियों के चुनाव में उषा पांचवें स्थान पर रहीं। उनसे आगे अंजू बॉबी जॉर्ज, रानी रामपाल, डोला बनर्जी और साइना नेहवाल रहीं, चूंकि केवल चार ही सीटें उपलब्ध थीं, इसलिए उषा का चुनाव नहीं हो सका। अंजू 53 वोटों के साथ सबसे आगे रहीं, जबकि साइना नेहवाल 43 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहीं। उषा को केवल 40 वोट मिले और वह एसओएम के रूप में नहीं चुनी जा सकीं।
अब, 5 दिसंबर को होने वाले चुनावों में उषा आईओए अध्यक्ष का पद बनाए रखने के लिए योग्य नहीं रह गई हैं। हालांकि उनकी संभावनाएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं, क्योंकि नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशंस को अभी अपने प्रतिनिधियों को नामांकित करना है; ऐसे में वे किसी एक फेडरेशन की ओर से चुनी जा सकती हैं।