स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के लालरिनलियाना हनामते को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले इंटरनेशनल फ्रेंडली मैचों के लिए भारतीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। ये मैच 12 और 15 नवंबर को खेले जाएंगे।
हेड कोच खालिद जमील ने दो मैचों की इस सीरीज के लिए 23 सदस्यीय टीम की घोषणा की है, जिसमें हनामते को जगह मिली है। भारत 12 नवंबर को ऑकलैंड के 'गो मीडिया स्टेडियम' में न्यूजीलैंड का सामना करेगा। इसके बाद 15 नवंबर को क्राइस्टचर्च के 'वन न्यूजीलैंड स्टेडियम' में होने वाले दूसरे फ्रेंडली मैच में भारत फिर से न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा।
हनामते का चयन स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि है। यह क्लब की उस प्रतिबद्धता को दिखाता है, जिसके तहत वे उभरते हुए भारतीय फुटबॉल खिलाड़ियों को अपना हुनर दिखाने और खेल के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचने के लिए एक मंच प्रदान करते हैं। अपने चयन पर बात करते हुए हनामते ने कहा, "सीनियर राष्ट्रीय टीम में दोबारा जगह मिलना मेरे लिए गर्व की बात है। इससे पहले मैं अंडर-23 स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुका हूं। यह मेरे सफर में एक और महत्वपूर्ण कदम है और मैं इस मौके के लिए आभारी हूं। स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली में बिताए समय ने मेरे विकास में अहम भूमिका निभाई है और मैं इस मौके का पूरा फायदा उठाने के लिए उत्सुक हूं।"