आदिल कल्याणपुर और मुकुंद शशिकुमार की जोड़ी ने शनिवार को बेंगलुरु में एसएम कृष्णा मेमोरियल ओपन 2026 में डबल्स के खिताब को अपने नाम किया। आदिल-मुकुंद ने व्यक्तिगत और एटीपी चैलेंजर 50 टेनिस टूर्नामेंट के रूप में अपना पहला डबल्स खिताब जीता है।
इस गैर-वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने फाइनल में कजाकिस्तान के पेट्र बार बिरयुकोव और ग्रिगोरी लोमाकिन को 6-7(3), 6-4, 10-3 से हराया और एसएम कृष्णा केएसएलटीए टेनिस स्टेडियम में एक घंटे 37 मिनट तक चले खिताबी मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की। भारतीय जोड़ी ने टाई-ब्रेक में पहला सेट हारने के बाद जोरदार वापसी की। कल्याणपुर और मुकुंद ने दूसरे सेट में अच्छा प्रदर्शन किया और मैच को सुपर टाई-ब्रेकर तक पहुंचाया, जिसमें उन्होंने दबदबा बनाते हुए घरेलू मैदान पर खिताब जीता।
इससे पहले टूर्नामेंट में, कल्याणपुर और मुकुंद ने चौथी सीड वाली जापानी जोड़ी कोकोरो इसोमुरा और रयुकी मात्सुडा को 6-3, 7-6(4) से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, सेमीफाइनल में दूसरी सीड वाली जोड़ी आयरलैंड के चार्ल्स बैरी और ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ चार्लटन को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था।