झारखंड में एक जिला है सिमडेगा। सिमडेगा को देश में हॉकी की नर्सरी माना जाता है। यहां से निकले कई खिलाड़ियों ने न सिर्फ भारतीय हॉकी टीम में अपनी जगह बनाई है, बल्कि अपनी असाधारण प्रतिभा के दम पर अपना नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित किया है। इन्हीं में एक नाम सुमराय टेटे का है।
सुमराय टेटे का जन्म 15 नवंबर 1979 को सिमडेगा जिले के कसिरा मेरोंगटोली में एक साधारण आदिवासी परिवार में हुआ था। उनके पिता बरनबास टेटे और माता संतोषी टेटे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। पढ़ाई के दौरान सुमराय की दिलचस्पी हॉकी में बढ़ी। वह अपने हॉकी खिलाड़ी चाचा सिमोन टेटे से प्रेरित थीं। कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद उनके माता-पिता ने उन्हें इस खेल में आगे बढ़ने में सहयोग किया।
शुरुआती दिनों में संसाधन की कमी की वजह से सुमराय ने बांस की लकड़ी और चमड़े की गेंद से हॉकी खेलना शुरू किया।