सानिया मिर्जा को भारतीय महिला टेनिस का सुपरस्टार माना जाता है। सानिया ने अपने करियर में वो तमाम उपलब्धियां हासिल कीं, जिसका हर खिलाड़ी सपना देखता है। अपने करियर में सानिया ने छह ग्रैंड स्लैम जीते और वह डब्ल्यूटीए डबल्स रैंकिंग में टॉप पर पहुंचने वाली इकलौती भारतीय महिला खिलाड़ी हैं।
सानिया मिर्जा का जन्म 15 नवंबर 1986 को मुंबई में हुआ। हालांकि, जल्द ही उनका परिवार हैदराबाद शिफ्ट हो गया। सानिया ने हैदराबाद में ही अपने टेनिस करियर की शुरुआत की। उन्होंने महज 14 साल की उम्र में अपने टेनिस करियर का आगाज किया। साल 1999 में सानिया ने पाकिस्तान में हुए इंटेल जूनियर चैंपियनशिप जी-5 टूर्नामेंट में हिस्सा लिया और वह सिंगल्स और डबल्स दोनों का खिताब अपने नाम करने में सफल रहीं। इसके बाद सानिया धीरे-धीरे कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ती चली गईं।
सानिया ने 2003 में विंबलडन टूर्नामेंट के डबल्स में जीत दर्ज की, जिसके चलते वह पहली बार सुर्खियों में आईं। साल 2009 में महेश भूपति संग मिलकर सानिया मिर्जा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलियन ओपन में मिक्स्ड डबल्स का खिताब अपने नाम किया। साल 2012 में सानिया ने महेश के साथ मिलकर ही मिक्स्ड डबल्स में फ्रेंच ओपन के खिताब पर कब्जा जमाया।