भारत के 'मिनी ब्राजील' के नाम से मशहूर शहडोल जिले के विचारपुर गांव के फुटबॉल खिलाड़ियों को अब सरकार की ओर से बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। फुटबॉल के प्रति समर्पित इस गांव के खिलाड़ियों के लिए सरकार सभी सुविधाओं से लैस आधुनिक फुटबॉल ग्राउंड का निर्माण कराने जा रही है।
युवा एवं खेल कल्याण विभाग के माध्यम से करोड़ों रुपए की लागत से यह ग्राउंड बनाया जाएगा। जल्द शुरू होने वाले इस निर्माण कार्य को लेकर गांव के खिलाड़ियों और कोच में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों ने इसके लिए देश के प्रधानमंत्री सहित शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
दरअसल, शहडोल जिले का विचारपुर गांव आज देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी 'मिनी ब्राजील' के नाम से अपनी अलग पहचान बना चुका है। इस गांव के लगभग प्रत्येक घर से कोई न कोई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल खेल चुका है। हालांकि, अब तक यहां खेल मैदान और अन्य आवश्यक खेल सुविधाओं की कमी के कारण खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच नहीं मिल पा रहा था, लेकिन अब सरकार ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से करीब 5 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से फुटबॉल ग्राउंड के निर्माण को मंजूरी दे दी है। सरकार की ओर से मिले इस बड़े उपहार से गांव के खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने इसके लिए देश के प्रधानमंत्री सहित शासन और प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।