विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय टीम का दमदार प्रदर्शन जापान के खिलाफ भी जारी रहा। एकतरफा मुकाबले में टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जापान को 4-0 से हराया। भारतीय टीम ने अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है।
भारतीय विमेंस टीम ने सभी पांच मैचों को जीतकर अंतिम चार का टिकट हासिल किया है। दीपिका ने अपनी शानदार फॉर्म को इस मैच में भी जारी रखा और दो गोल दागे। मुकाबले की शुरुआती कुछ मिनटों में जापान ने दमदार खेल दिखाया और भारतीय टीम को हावी होने का मौका नहीं दिया। हालांकि, मैच के 12वें मिनट में भारत को पहली सफलता मिली, जब लालरेम्सियामी ने जापान के डिफेंस को भेदते हुए पहला गोल दागा।
इसके बाद शानदार फॉर्म में चल रहीं दीपिका ने भी अपना कमाल दिखाया। दीपिका ने मैच के 16वें मिनट में भारत के लिए दूसरा गोल किया। दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर के रूप में मिले मौके को भुनाने में कोई भी गलती नहीं की और भारत का स्कोर 2-0 कर दिया। भारतीय टीम ने अपनी इस बढ़त को जल्द ही 3-0 में तब्दील कर दिया। नेहा ने भारतीय टीम के लिए तीसरा गोल किया और जापान को पूरी तरह से बैकफुट पर ढकेल दिया। पहले हाफ में पूरी तरह से भारत का दबदबा देखने को मिला।