तेलंगाना ओपन 2026 के दूसरे राउंड में अंगद चीमा ने करियर का सर्वश्रेष्ठ और बोगी-फ्री 11-अंडर 61 का शानदार कार्ड खेला। इसके साथ ही वह 13-अंडर 131 के कुल स्कोर पर पहुंचकर दो शॉट की बढ़त के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज हो गए। यह 1 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि वाला टूर्नामेंट वूटी गोल्फ काउंटी में खेला जा रहा है।
चंडीगढ़ के रहने वाले चीमा (70-61) ने बारिश के बाद 'प्रेफर्ड लाइज' के नियमों के बीच शानदार खेल दिखाया। चीमा ने पहले होल पर 'बर्डी' के साथ शुरुआत की और फिर तीसरे से सातवें होल तक लगातार पांच बर्डी बनाकर सात होल में ही 6-अंडर का स्कोर बना लिया। लगातार चार 'पार' के बाद, उन्होंने 12वें होल (जो 'पार-5' था) पर 'चिप-इन ईगल' से अपनी लय वापस पाई और फिर तीन और बर्डी लगाईं।
दिल्ली के राशिद खान (66-67) ने 5-अंडर 67 का स्कोर बनाया और 11-अंडर 133 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर आ गए। उन्होंने दिन की शुरुआत संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहकर की थी।