NZ-W vs SA-W 5th T20: अमेलिया केर (Amelia Kerr) की कैप्टेंसी वाली न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम (New Zealand Women Cricket Team) ने बुधवार, 25 मार्च को हेगले ओवल, क्राइस्टचर्च में खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 92 रनों से हराकर मात दी। गौरतलब है कि इसी के साथ उन्होंने टी20 सीरीज 4-1 से जीतकर अपने नाम की है।
अमेलिया केर ने ठोका शतक: इस टी20 मुकाबले में कीवी टीम की कैप्टन अमेलिया केर ने बेहद ही शानदार शतकीय पारी खेली और महज़ 55 गेंदों पर 19 चौके और 1 छक्का ठोककर 105 रन बना दिए। उनके अलावा टीम के लिए सलामी बल्लेबाज़ जॉर्जिया प्लिमर ने 26 गेंदों पर 27 रन और मिडिल ऑर्डर बैटर ब्रूक हॉलिडे ने 24 गेंदों पर 26 रन जोड़े। इन्हीं के दम पर टीम का कुल स्कोर 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 194 रनों तक पहुंचा।
बात करें अगर साउथ अफ्रीका के गेंदबाज़ की तो आठ गेंदबाज़ों में से सिर्फ दो ही सफलता हासिल कर पाए। मेहमान टीम के लिए अयाबोंगा खाका और तुमी सेखुखुने ने 3-3 विकेट निकाले।
लेहा ताहुहु ने झटके 3 विकेट: अमेलिया केर की तूफानी बैटिंग के बाद न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाज़ लेहा ताहुहु ने भी क्राइस्टचर्च के मैदान पर खूब जलवा बिखेरा और अपनी रफ्तार से साउथ अफ्रीका की टीम को परेशान करके पूरे 3 विकेट झटके। खास बात ये है कि उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर ये सफलता हासिल की। उनके अलावा पांचवें टी20 में सोफी डिवाइन और कैप्टन अमेलिया केर ने 2-2 विकेट निकाले, वहीं नेंसी पटेल और फ्लोरा डेवोनशायर ने एक-एक विकेट हासिल किया।
92 रनों से हारी साउथ अफ्रीका: टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में मेहमान टीम को जीत हासिल करने के लिए 195 रन बनाने थे जिसका पीछा करते हुए वो 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 102 रन ही जोड़ पाए। आलम ये रहा कि टीम के सात खिलाड़ी तो सिंगल डिजिट स्कोर में पवेलियन लौटे। साउथ अफ्रीका के लिए एनेरी एर्कसन ने सर्वाधिक 18 गेंदों पर 23 रन बनाए।
कीवी कैप्टन को मिला सम्मान: 25 साल की अमेलिया केर को एक साथ दो बड़े सम्मान मिले हैं। दरअसल, उन्होंने क्राइस्टचर्च टी20 में शतक (105 रन) ठोकने के साथ 3 ओवर में सिर्फ 6 रन देकर 2 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है। वहीं उन्होंने पांच मैचों की सीरीज में कुल 276 रन बनाए और 5 विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से भी नावाज गया है।
न्यूजीलैंड ने जीती सीरीज: कीवी टीम ने अपने घर पर खेली गई टी20 सीरीज में साउथ अफ्रीका को पूरी तरह डोमिनेट किया है। उन्होंने ये सीरीज 4-1 से जीतकर अपने नाम की है। ये न्यूजीलैंड टीम के लिए एक बड़ी सीरीज जीत है।