Ayush Mhatre Ruled Out Of IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) के बीच चेन्नई सुपर किंग्स की टीम (Chennai Super Kings) से जुड़ी एक बेहद ही बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, सीएसके के युवा विस्फोटक बैटर आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre) चोटिल होने के कारण आईपीएल 2026 के बचे हुए सीजन से बाहर हो गए हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। खुद CSK ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक ट्वीट साझा करके फैंस को इस खबर की जानकारी दी है। उन्होंने अपने बयान में कहा, "आयुष म्हात्रे IPL 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। उन्हें 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में बैटिंग करते समय बाएं पैर (हैमस्ट्रिंग) में चोट लग गई थी। इस चोट से ठीक होने में उन्हें करीब 6 से 12 हफ्तों का समय लगेगा।"
गौरतलब है कि 18 वर्षीय आयुष म्हात्रे का साल 2026 के बचे हुए सीजन से बाहर होना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बड़ा झटका है क्योंकि फिलहाल वो ही टीम के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने सीएसके के लिए मौजूदा टूर्नामेंट में 6 मैचों में 33.50 की औसत और 177.87 की स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए हैं। उन्हें सीएसके ने 30 लाख रुपये में रिटेन किया था।
बताते चलें कि IPL 2026 में सीएसके अपने खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण काफी परेशान दिखी है। आयुष से पहले नाथन एलिस और खलील अहमद भी चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। वहीं टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी महेंद्र सिंह भी अपनी चोट के कारण अब तक कोई मुकाबला नहीं खेल पाए हैं। इसके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने इंजरी के कारण शुरुआती मुकाबले मिस किए थे।
ये एक बड़ा कारण हैं सीएसके ने टूर्नामेंट में संघर्ष किया है और अपने शुरुआती छह मुकाबलों में से सिर्फ दो जीते हैं। उनके नाम कुल 4 अंक दर्ज है और वो पॉइंट्स टेबल पर आठवें पायदान पर हैं। ऐसे में अब ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि पांच बार की चैंपियन टीम यहां से टूर्नामेंट में वापसी कर पाती है या नहीं।
चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, खलील अहमद, मैथ्यू शॉर्ट, अकील होसेन, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, मैट हेनरी, एमएस धोनी, श्रेयस गोपाल, राहुल चाहर, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी, उर्विल पटेल, अमन खान, जैकरी फ़ॉल्क्स। रामकृष्ण घोष।