चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2027 से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव करते हुए भारत के पूर्व दिग्गज बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ज़हीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। CSK ने सोमवार (21 सितंबर) को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस खबर की जानकारी दी। ज़हीर अब अगले सीजन से टीम के साथ अपनी नई जिम्मेदारी संभालते हुए नजर आएंगे।
Left Arm “Taking” Over
Welcoming Zaheer Khan as the Head Coach of Chennai Super Kings!#WhistlePodu #Yellove Chennai Super Kings (ChennaiIPL) September 21, 2026
Also Read: LIVE Cricket Score
CSK का यह फैसला पिछले सीजन के बाद आया है। टीम ने 19 साल तक हेड कोच की जिम्मेदारी संभालने वाले न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज स्टीफन फ्लेमिंग को पद से हटा दिया था। फ्लेमिंग के कार्यकाल में CSK ने कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं, लेकिन हाल के सीजन में टीम के प्रदर्शन में लगातार गिरावट देखने को मिली।
अब फ्रेंचाइजी ने अगले सीजन के लिए नया रास्ता चुना है और इसके लिए ज़हीर खान पर भरोसा जताया है। ज़हीर के पास IPL में अलग-अलग फ्रेंचाइजी के साथ काम करने का अच्छा अनुभव है। वह इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर रह चुके हैं। उन्होंने अगस्त 2024 से सितंबर 2025 तक LSG के साथ काम किया था। वहीं इसके अलावा जहीर दिल्ली कैपिटल्स के साथ बतौर मेंटॉर और मुंबई इंडियंस के डायरेक्ट ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस भी रह चुके हैं।
ज़हीर खान का भारतीय क्रिकेट से भी गहरा रिश्ता रहा है। वह 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे और अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में लंबे समय तक टीम इंडिया के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल रहे।
वहीं, IPL में ज़हीर के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने तीन टीमों दिल्ली, मुंबई और बैंगलोर के लिए खेलते हुए 100 मैचों में 102 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 27.22 और इकॉनमी रेट 7.58 रहा।
अब CSK के साथ हेड कोच के तौर पर ज़हीर खान के सामने टीम को नए सिरे से तैयार करने और IPL 2027 में मजबूत वापसी कराने की जिम्मेदारी होगी।