आईपीएल 2026 शुरू होने से ठीक पहले लखनऊ सुपर जायंट्स को बड़ा झटका लग सकता है। टीम के स्टार स्पिन ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा चोट से जूझ रहे हैं और उनके खेलने पर संशय बना हुआ है। ऐसे में सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में वेस्टइंडीज के स्पिनर गुडाकेश मोती को संभावित रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा रहा है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2026 की मिनी ऑक्शन में वानिंदु हसरंगा को 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। टीम को उनसे स्पिन गेंदबाजी के साथ-साथ निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी की भी उम्मीद थी, लेकिन अब उनकी फिटनेस पर सवाल खड़े हो गए हैं।
दरअसल हसरंगा को हाल ही में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान चोट लगी थी। श्रीलंका और आयरलैंड के बीच खेले गए मुकाबले में फील्डिंग करते समय उनकी बाईं हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट आ गई थी। यह चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर होना पड़ा था।
हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने में आमतौर पर काफी समय लगता है और यही वजह है कि उनके आईपीएल 2026 में खेलने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर वेस्टइंडीज के बाएं हाथ के स्पिनर गुडाकेश मोती का नाम सामने आ रहा है। माना जा रहा है कि अगर हसरंगा फिट नहीं हो पाते हैं तो मोती को टीम में शामिल किया जा सकता है। अपनी किफायती गेंदबाजी और बीच के ओवरों में रन रोकने की क्षमता के कारण मोती को एक अच्छा विकल्प माना जा रहा है।
हालांकि अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और ना ही ऐसी कोई पक्की खबर सामने आई है कि गुडाकेश मोती ने लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ करार कर लिया है। फिलहाल यह चर्चा ज्यादा सोशल मीडिया और अटकलों तक ही सीमित नजर आ रही है।
Also Read: LIVE Cricket Score
दिलचस्प बात यह है कि गुडाकेश मोती को पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में लाहौर कलंदर्स के लिए खेलना है। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक अगर उन्हें आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से ऑफर मिलता है तो वह पीएसएल से हटने का फैसला भी कर सकते हैं। हाल ही में जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने भी आखिरी समय पर पाकिस्तान सुपर लीग से नाम वापस लेकर मुस्ताफिजुर रहमान की रिप्लेसमेंट के तौर पर कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ने का फैसला किया था।