Deepti Sharma Record: हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) की कैप्टेंसी वाली टीम इंडिया (India Women's Team) ने बीते शनिवार, 05 सितंबर को दुबई के मैदान पर विमेंस एशिया कप 2026 (Women's Asia Cup 2026) के 9वें मुकाबले में पाकिस्तान (Pakistan Women's Team) को पस्त करके 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। गौरतलब है कि इस मुकाबले में टीम इंडिया की दिग्गज ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) ने शानदार गेंदबाज़ी की और दो विकेट लेकर इतिहास रच दिया।
टूटा निदा डार का महारिकॉर्ड: दीप्ति शर्मा ने दुबई के मैदान पर 3.1 ओवर गेंदबाज़ी की और पाकिस्तान को 5 रन देकर उनके 2 विकेट चटकाए। उन्होंने विपक्षी कप्तान फातिमा सना (07 गेंदों पर 00 रन) और तुबा हसन (16 गेंदों पर 09 रन) को आउट करके पवेलियन का रास्ता दिखाया। खास बात ये है कि इसी के साथ उन्होंने विमेंस एशिया कप में अपने 34 विकेट पूरे कर लिए हैं और वो इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वालीं गेंदबाज़ बन गई हैं।
ध्यान दें कि दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तानी खिलाड़ी निदा डार का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने विमेंस एशिया कप में 26 मैचों में 33 विकेट चटकाए। दीप्ति ने 22 मैचों में 34 विकेट लेकर उन्हें पीछे छोड़ दिया है। एक बार फिर बता दें कि दीप्ति विमेंस एशिया कप की नंबर-1 गेंदबाज़ बन गईं हैं।
विमेंस टी20 एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट
- दीप्ति शर्मा (भारत) - 22 मैचों की 22 पारियों में 34 विकेट
- निदा डार (पाकिस्तान) - 26 मैचों की 23 पारियों में 33 विकेट
- रुमाना अहमद (बांग्लादेश) - 23 मैचों की 23 पारियों में 29 विकेट
- इनोका राणावीरा (श्रीलंका) - 19 मैचों की 19 पारियों में 27 विकेट
- सुगंधिका कुमारी (श्रीलंका) - 23 मैचों की 23 पारियों में 22 विकेट
मैच का हाल: दुबई के मैदान पर पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी थी जिसके बाद वो 18.1 ओवर में ही मैदान पर टिक पाए और महज़ 55 रन बनाकर ऑल आउट हो गए। पाकिस्तान के 9 खिलाड़ी सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए। श्री चरणी-प्रेमा रावत ने 3-3 विकेट झटके। वहीं दीप्ति शर्मा ने दो विकेट और शेफाली वर्मा ने 1 विकेट चटकाया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके बाद भारतीय टीम ने महज़ 8.4 ओवर में 56 रनों का लक्ष्य हासिल किया और बेहद ही आसानी से 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने ग्रुप-ए में अपने सभी मुकाबले जीते हैं और पॉइंट्स टेबल पर टॉप पर फिनिश किया है।