आईपीएल 2026 के 53वें मुकाबले में एक बार फिर से संजू सैमसन एक बड़ी पारी की तरफ बढ़ रहे थे लेकिन दिग्वेश राठी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। चेन्नई सुपरकिंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए इस मुकाबले में सीएसके की टीम 204 रनों का पीछा कर रही थी और संजू ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 22 गेंदों में 45 रन जोड़ भी दिए।
संजू जिस ओवर में आउट हुए उस ओवर में वो पहले ही दिग्वेश राठी के खिलाफ चौका और छक्का लगा चुके थे लेकिन वो एक और छक्का लगाने के चक्कर में पूरी तरह से चूक गए और क्लीन बोल्ड हो गए। संजू ने आउट होने से पहले 14 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों के चलते 28 रन बनाए। उनके विकेट का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है जिसे आप नीचे देख सकते हैं।
इस मैच की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स ने मेजबान टीम के सामने जीत हासिल के लिए 204 रनों का लक्ष्य रखा है। इस मुकाबले में LSG के लिए सलामी बल्लेबाज़ जोश इंगलिस ने तूफानी पारी खेली और 33 गेंदों पर 10 चौके और 6 छक्के ठोकते हुए 85 रन बनाए। उनके अलावा शाहबाज अहमद ने भी बेहद अहम जोड़े और 25 गेंदों पर नाबाद 43 रनों की पारी खेली। इसी के दम पर लखनऊ की टीम अपनी इनिंग के 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 203 रन बनाने में सफल हुई।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें अगर चेन्नई के गेंदबाज़ों की तो जेमी ओवरटन ने 4 ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं अंशुल कंबोज ने दो और नूर अहमद ने एक विकेट झटका। ताजा समाचार लिखे जाने तक सीएसके ने 2 विकेट के नुकसान पर 9.2 ओवर में 126 रन बना लिए हैं और यहां से जीत के लिए उन्हें 64 गेदों में 78 रनों की दरकार है। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ अभी भी क्रीज़ पर मौजूद हैं।