India vs England ODI Series: भारत के खिलाफ 14 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड ने अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। 22 वर्षीय ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को पहली बार इंग्लैंड की वनडे टीम में जगह मिली है।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने शुक्रवार (3 जुलाई) को भारत के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। इस टीम में सबसे बड़ा सरप्राइज 22 वर्षीय ससेक्स के ऑलराउंडर जेम्स कोल्स का नाम है, जिन्हें पहली बार इंग्लैंड की सीनियर वनडे टीम में जगह मिली है।
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जुलाई को एजबेस्टन में होगी। दूसरा मुकाबला 16 जुलाई को सोफिया गार्डन्स में खेला जाएगा, जबकि सीरीज का आखिरी मैच 19 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर होगा।
जेम्स कोल्स ने हाल के दिनों में घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट के 24 मुकाबलों में 26.56 की औसत से 425 रन बनाए हैं, जबकि गेंदबाजी में 26 विकेट भी अपने नाम किए हैं। हाल ही में 12 जून को काउंटी क्रिकेट में ससेक्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने ग्लेमॉर्गन के खिलाफ 226 गेंदों में 224 रन की यादगार दोहरी शतकीय पारी खेली थी।
वहीं, इस सीरीज के लिए जैक क्रॉली को टीम से बाहर कर दिया गया है। दूसरी ओर, तेज गेंदबाज जोश टंग को भी वनडे टीम में मौका मिला है और वह इस सीरीज में अपना वनडे डेब्यू कर सकते हैं। टंग ने टेस्ट क्रिकेट में अब तक 12 मैच खेलते हुए 57 विकेट झटके हैं और उनका औसत 29.66 का रहा है। उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है।
इसके अलावा गस एटकिंसन और साकिब महमूद की भी वनडे टीम में वापसी हुई है। दोनों खिलाड़ी इस साल श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं थे। टीम की कमान एक बार फिर हैरी ब्रूक के हाथों में रहेगी, जो इंग्लैंड के फुल-टाइम व्हाइट-बॉल कप्तान हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम:
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल रशीद, जो रूट और जोश टंग।