सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स (San Francisco Unicorns) के ओपनिंग बल्लेबाज फिन एलन (Finn Allen) ने सोमवार (8 जुलाई) को डलास के ग्रैंड पिएरे स्टेडियम में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (Los Angeles Knight Riders) के खिलाफ खेले गए मेजर लीग क्रिकेट 2024 (Major League Cricket 2024) के मुकाबले में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से धमाल मचा दिया।
एलन ने 170.27 की स्ट्राईक रेट से 37 गेंदों में 4 चौकों और 5 छ्क्कों की मदद से 63 रन की पारी खेली। जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
एलन ने अपनी विजयी पारी के दौरान शाकिब हल हसन द्वारा डाले गए पावरप्ले के आखिरी ओवर में लगातार तीन छक्के जड़े। ओवर की दूसरी गेंद पर लॉन्ग ऑन के क्षेत्र में छक्का जड़ा जो स्टेडियम के बाहर गया। इसके बाद तीसरी गेंद पर गेंदबाज के ऊपर से छक्का लगाया। इसके बाद उन्होंने चौथी गेंद पर छक्का जड़ा जो सीधा स्टेडियम के बाहर जाकर गिरा।
एलन पारी के 13वें ओवर में स्पेंसर जॉनसन का शिकार बने।
गौरतलब है कि इस मुकाबले में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद नाइट राइडर्स ने 6 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। आंद्रे रसेल ने 25 गेंदों में नाबाद 40 रन और शाकिब अल हसन ने 26 गेंदों में 35 रन की पारी खेली।
इसके जवाब में यूनिकॉर्न्स ने 15.2 ओवर में 4 विकेट गवाकर ही जीत हासिल कर ली। एलन के अलावा मैथ्यू शॉर्ट ने 26 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें उन्होंने तीन चौके और पांच छ्क्के जड़े।