AU-W vs IN-W 2nd ODI: ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम (Australia Women Cricket Team) की सलामी बल्लेबाज़ जॉर्जिया वोल (Georgia Voll) ने गुरुवार, 27 फरवरी को होबार्ट के बेलेरीव ओवल ग्राउंड में भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले (AU-W vs IN-W 2nd ODI) मे शानदार शतकीय पारी खेली जिसके दम पर मेजबान टीम ने भारत को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत हासिल की। इसी के साथ उन्होंने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
जी हां, ऐसा ही हुआ। सबसे पहले ये जान लीजिए कि दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय कैप्टन हरमनप्रीत कौर ने ही टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी थी जिसके बाद उन्होंने अपनी इनिंग के 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 251 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए कैप्टन हरमनप्रीत कौर ने सर्वाधिक रन जोड़े और 70 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 54 रनों की पारी खेली।
उनके अलावा टीम की सलामी बल्लेबाज़ प्रतिका रावल ने भी मैदान पर लंबा समय बिताया और 81 बॉल पर 6 चौके जड़कर 52 रन ठोके। इन दो खिलाड़ियों की अर्धशतकीय पारियों के अलावा स्मृति मंधाना ने 37 बॉल पर 31 रन, ऋचा घोष ने 19 बॉल पर 22 रन और काशवी गौतम ने 34 बॉल पर 25 रन जोड़कर कुछ अहम योगदान किया।
बात करें अगर ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज़ों की तो एशले गार्डनर, अलाना किंग और एन्नाबेल सदरलैंड ने 2-2 विकेट झटके। वहीं मेगन शुट्ट और निकोला कैरी ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
यहां से अब ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत हासिल करने के लिए 252 रनों का लक्ष्य था जिसका पीछा करते हुए टीम की कैप्टन एलिसा हीली 6 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गईं। उन्हें काशवी गौतम ने बोल्ड करके पवेलियन का रास्ता दिखाया। हालांकि इसके बाद फीबी लिचफील्ड और जॉर्जिय वोल ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 119 रन जोड़ दिए।
गौर करें कि 22 साल की जॉर्जिया वोल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए शतक ठोका और नंबर-3 पर बैटिंग करके 82 गेंदों पर 13 चौके और 1 छक्के की मदद से 101 रन बनाए। बात करें अगर फीबी लिचफील्ड की तो उन्होंने महज़ 62 गेंदों पर 11 चौके और 1 छक्के के दम पर 80 रन ठोके।
इन दोनों ही खिलाड़ियों की पारियों ने ऑस्ट्रेलिया की जीत लगभग पक्की कर दी थी जिस पर आखिर में बेथ मूनी ने 34 गेंदों पर 31 रन, एन्नाबेल सदरलैंड ने 12 गेंदों पर 10 रन और एशले गार्डनर ने 14 गेंदों 19 रन बनाकर मुहर लगा दी। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने 36.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 252 रनों का टारगेट हासिल किया और होबार्ट वनडे में 5 विकेट से जीत दर्ज की।
Also Read: LIVE Cricket Score
बताते चलें कि टीम इंडिया के लिए काशवी गौतम ने 9 ओवर में 47 रन देकर 2 विकेट झटके, वहीं दीप्ति शर्मा ने 5 ओवर में 32 रन देकर इतने ही विकेट चटकाए। इनके अलावा क्रांति गौड़ ने भी 1 विकेट लिया। यहां देखे मैच का लाइव स्कोर कार्ड