India vs South Africa:  हर्षल पटेल (4/25) और युजवेंद्र चहल (3/20) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत यहां विशाखापत्तनम के डॉ. वाईएस रेड्डी स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए पांच मैचों की सीरीज के तीसरे टी-20 में भारत ने साउथ अफ्रीका को 48 रन से हरा दिया। इस जीत से भारत सीरीज में 2-1 से जीवित है। वहीं, भारतीय टीम के 179 रनों के जवाब में साउथ अफ्रीका टीम 19.1 ओवरों में 131 रनों पर ही ढेर हो गई। टीम की ओर से हेनरिक क्लासेन (29) और रीजा हेंड्रिक्स (23) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। भारत की ओर से हर्षल पटेल ने चार सफलताएं लीं। वहीं, युजवेंद्र चहल ने तीन विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल और भुवनेश्वर कुमार ने एक-एक विकेट लिया।

Advertisement

लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका टीम ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 38 रन बनाए। इस दौरान, कप्तान टेम्बा बावुमा (8) और रीजा हेंड्रिक्स (23) जल्द ही पवेलियन लौट गए। अगले ओवर में चहल ने रॉस्सी वैन डेर डूसन (1) को भी चलता किया, जिससे साउथ अफ्रीका को 40 रनों पर तीसरा झटका लगा।

9वें ओवर में चहल ने ड्वेन प्रिटोरियस (20) को पवेलियन भेज अपना दूसरा विकेट लिया। इस बीच, साउथ अफ्रीका ने 57 रनों पर चार विकेट खो दिए। अब भी उन्हें जीतने के लिए 123 रनों की जरूरत थी। इसके बाद, डेविड मिलर (3) को भी हर्षल ने अपना शिकार बनाया, जिससे 11 ओवरों में 71 रनों पर अफ्रीका की आधी टीम पवेलियन लौट गई।

वहीं, क्लासेन और वेन पार्नेल ने लक्ष्य का पीछा करने का प्रयास किया। दोनों ने मिलकर टीम के स्कोर को 14.4 ओवर में 100 रन पर पहुंचा दिया। लेकिन अगली गेंद पर क्लासेन (29) चहल की गेंद पर कैच आउट हो गए। इसके बाद, पार्नेल और कगिसो रबाडा ने कुछ अच्छे शॉट लगाए। लेकिन 17वें ओवर में हर्षल ने रबाडा (9) को चहल के हाथों कैच आउट करा दिया, जिससे साउथ अफ्रीका को सात विकेट पर 113 रन बनाए।

इसके बाद, केशव महाराज (11), एनरिक नॉर्टजे (0) और तबरेज शम्सी (0) भी जल्द पवेलियन लौट गए, जिससे 19.1 ओवर में साउथ अफ्रीका 131 रनों पर सिमट गई। पार्नेल (22) नाबाद रहे। भारत ने यह मैच 48 रनों से अपने नाम कर लिया।

Advertisement

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरे भारत के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन ने धुआंधार शुरुआत की और पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 57 रन जोड़े। इस दौरान, गायकवाड़ ने पांचवें ओवर में तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्टजे की पांच गेंदों में लगातार पांच चौके लगाए। इस बीच, गायकवाड़ ने 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन 11वें ओवर में भारत को 97 रन पर पहला झटका तब लगा, जब महाराज की गेंद पर गायकवाड़ 57 रन बनाकर आउट हो गए।

पारी को आगे बढ़ाते हुए ईशान ने भी 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। लेकिन शम्सी की गेंद पर अय्यर (14) कैच आउट हो गए, जिससे भारत को 13 ओवरों में 128 रनों पर दूसरा झटका लगा। यही से साउथ अफ्रीका ने मैच में वापसी की और अगले ओवर में प्रिटोरियस की गेंद पर ईशान (54) भी पवेलिन लौट गए। 16वें ओवर में कप्तान पंत (6) भी प्रिटोरियस के शिकार बन गए, जिससे भारत चार विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए।

इसके बाद, 19वां ओवर डालने आए रबाडा ने दिनेश कार्तिक (6) को आउट कर 11 रन दिए। वहीं 20वें ओवर में वेन पार्नेल ने 12 रन दिए, जिससे भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 179 रन बनाए। हार्दिक पांड्या (31) और अक्षर पटेल (5) नाबाद रहे। साउथ अफ्रीका की ओर से ड्वेन प्रिटोरियस ने दो विकेट चटकाए। वहीं, केशव महाराज, कगिसो रबाडा और तबरेज शम्सी ने एक-एक विकेट लिया।
 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार