टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 49 मैच होने तक भारत और पाकिस्तान की टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए संघर्ष कर रही हैं। एकतरफ भारतीय टीम को सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने के लिए अपने आखिरी मैच में वेस्टइंडीज को हराना होगा। वहीं, दूसरी तरफ पाकिस्तान को अपने आखिरी सुपर-8 मैच में श्रीलंका को बड़े मार्जिन से हराना होगा ताकि वो न्यूजीलैंड के नेट रनरेट से आगे निकल सकें और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर सकें।
हालांकि, इन सबके बीच, अभी भी ऐसे समीकरण बने हुए हैं कि टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना हो सकता है। भारत और पाकिस्तान दोनों ही कॉम्पिटिशन के सेमीफाइनल में पहुंचने की दौड़ में हैं। अगर वो सेमीफाइनल में पहुंच जाते हैं, तो कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के टी-20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल की पूरी संभावना बन जाती है।
पाकिस्तान को क्या करना होगा?
पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने आखिरी सुपर-8 मैच में श्रीलंका को कम से कम 64 रन से हराना होगा या 13.1 ओवर के अंदर टारगेट पूरा करना होगा। जीत का कोई भी छोटा अंतर उन्हें ग्रुप 2 में टॉप दो में पहुंचाने के लिए काफी नहीं होगा। अगर वो ऐसा करने में नाकाम रहते हैं, तो न्यूजीलैंड सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगा, जिससे भारत और पाकिस्तान के फाइनल की उम्मीद खत्म हो जाएगी। दूसरी तरफ, भारत का समीकरण साफ है। ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत को सिर्फ जीत की जरूरत होगी और वो सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएंगे। इस समय वेस्ट इंडीज़ और इंडिया के पॉइंट्स बराबर हैं और रविवार को होने वाले मैच का विनर सेमीफ़ाइनल में पहुंच जाएगा।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब अगर किसी तरह पाकिस्तान अपना सेमीफ़ाइनल कन्फ़र्म कर लेता है, तो वो कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में साउथ अफ़्रीका से खेलेंगे लेकिन अगर न्यूज़ीलैंड क्वालिफ़ाई कर लेता है, तो वो मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। वहीं, अगर इंडिया सेमीफ़ाइनल में पहुंचता है, तो वो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से खेलेंगे। इसके बाद अगर हम मान लें कि अगर इंडिया और पाकिस्तान दोनों अपने सेमीफाइनल जीत जाते हैं, तो कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का फ़ाइनल खेला जाएगा लेकिन अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल हार जाता है तो, फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।