आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का छठा मुकाबला आज यानि रविवार, 14 जून को भारत और पाकिस्तान के बीच एजबेस्टन स्टेडियम (बर्मिंघम) में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:00 बजे से शुरू होगा लेकिन मैच से पहले फैंस के मन में मौसम को लेकर सवाल बना हुआ है तो चलिए आपको बताते हैं कि मैच के दौरान मौसम कैसा रहने वाला है।
ये मैच उसी मैदान पर खेला जाएगा जहां शुक्रवार को इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच टूर्नामेंट का पहला मैच हुआ था। हालांकि मैच बिना किसी रुकावट के पूरा हो गया था, लेकिन दिन में पहले हुई बारिश के कारण आउटफील्ड धीमी हो गई थी। ऐसे में मौसम फिर से एक अहम भूमिका निभा सकता है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, मैच शुरू होने के तय समय यानी स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे) बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना सिर्फ़ 10% होगी। शाम को बारिश की संभावना बढ़ने की उम्मीद है, जो स्थानीय समयानुसार रात 8:00 बजे के आसपास सबसे ज़्यादा हो सकती है।
गौरतलब है कि इन दोनों टीमों के बीच आखिरी टी-20 इंटरनेशनल साल 2024 के वर्ल्ड कप में खेला गया था जहां दुबई के मैदान पर टीम इंडिया ने 18.5 ओवर में 106 रनों का लक्ष्य हासिल किया और पाकिस्तान पर 6 विकेट से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में अरुंधति रेड्डी ने गज़ब की गेंदबाज़ी की थी और अपने कोटे के चार ओवर में सिर्फ 19 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर इस मुकाबले की पिच पर गौर करें तो ये मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा जहां टी-20 इंटरनेशनल में टॉस जीतने वाली टीम रन डिफेंड करना काफी ज्यादा पसंद करती है। इस मैदान पर ऐसा करते हुए 29 में से 18 मुकाबले जीते गए हैं। यहां पहली इनिंग का औसत स्कोर 148 रन रहा है। ऐसे में अगर इस मैच में भी टीम टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला करे तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होनी चाहिए।