पर्थ, 18 दिसम्बर (CRICKETNMORE)| दुनिया की नंबर-1 टेस्ट टीम भारत को अपने बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण यहां पर्थ स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के पांचवें और आखिरी दिन मंगलवार को मेजबान ऑस्ट्रेलिया के हाथों 146 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया की इस वर्ष मार्च में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर डरबन में मिली 118 रन की जीत के बाद से टेस्ट में यह पहली जीत है। वहीं, बतौर कप्तान टिम पेन की यह पहली जीत है। 

Advertisement

इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली है। भारत ने पहला टेस्ट 31 रन से जीता था। 

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 326 रन बनाए थे जबकि भारत पहली पारी में 283 रन पर ऑलआउट हो गया था। इस तरह ऑस्ट्रेलिया के पास पहली पारी के आधार पर 43 रन की बढ़त थी। मेजबान टीम ने दूसरी पारी में 243 रनों का स्कोर और बनाया और भारत के सामने जीत के लिए कुल 287 रनों का लक्ष्य रखा। 

सीरीज का पहला टेस्ट मैच जीतकर ऐतिहासिक शुरुआत करने वाली भारतीय टीम ने दूसरे टेस्ट मैच के पांचवें और आखिरी दिन मंगलवार को अपने कल के स्कोर पांच विकेट पर 112 रन से आगे खेलना शुरू किया और उसकी पूरी टीम लंच से पहले 28 रन और जोड़कर 140 रन पर ढेर हो गई। 

कल के नाबाद बल्लेबाज हनुमा विहारी और ऋषभ पंत ने क्रमश: 24 और नौ रन से आगे खेलना शुरू किया। भारत को पहला झटका हनुमा (28) के रूप में 119 के स्कोर पर लगा। उन्हें मिशेल स्टार्क ने मार्कस हैरिस के हाथों कैच कराया। 

इसके बाद पंत (30) भी टीम के 137 के स्कोर पर सातवें बल्लेबाज के रूप में आउट हो गए। पंत को नाथन लायन ने पीटर हैंडसकोंब के हाथों कैच कराकर अपना शिकार बनाया। 

Advertisement

पंत के आउट होते ही अगले तीन रन के अंदर ही भारतीय टीम अपने तीन बल्लेबाजों उमेश यादव (2), ईशांत शर्मा (0) और जसप्रीत बुमराह (0) का विकेट गंवाकर 140 रन के स्कोर पर ढेर हो गई। मोहम्मद शमी खाता खोले बिना नाबाद रहे। 

इससे पहले, चौथे दिन भारत के लिए अजिंक्य रहाणे ने 30, मुरली विजय ने 20 और कप्तान विराट कोहली ने 17 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज तो दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाए। 

ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टार्क ने 46 रन पर तीन विकेट, लायन ने 39 रन पर तीन विकेट, जोश हेजलवुड ने 24 रन पर दो विकेट और पैट कमिंस ने 25 रन पर दो विकेट लिए। 

Advertisement

लायन को उनकी शानदारी गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। उन्होंने मैच में 106 रन देकर कुल 8 विकेट अपने नाम किए। 

दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाएगा।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार