आईपीएल 2022 के पहले हाफ में दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया था। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ऋषभ पंत ने बड़ा दांव चलते हुए इस खिलाड़ी को मौका दिया और इस युवा खिलाड़ी ने तुरंत अपना प्रभाव भी डाला। चेतन सकारिया ने तीन ओवर में सिर्फ 17 रन दिए और आरोन फिंच का अहम विकेट भी लिया। 

Advertisement

दिल्ली कैपिटल्स टीम के साथ अपने अब तक के कार्यकाल के बारे में बोलते हुए चेतन सकारिया ने हेड कोच रिकी पोंटिंग और कप्तान ऋषभ पंत की जमकर तारीफ की है। 24 साल के चेतन सकारिया ने कहा कि पोंटिंग ड्रेसिंग रूम के माहौल को हल्का रखते हैं और खिलाड़ियों को सहज महसूस कराते हैं। इसके अलावा सकारिया ने पंत को लेकर भी अपने दिल की बात बोली है।

एनडीटीवी के साथ बातचीच के दौरान चेतन सकारिया ने कहा, 'ऋषभ भैया बहुत शांत हैं और वह सारा दबाव, जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हैं। वो हमेशा टीम को दबाव की स्थिति से बाहर निकालने का काम करते हैं। जब भी दूसरे खिलाड़ी अच्छा करते हैं तो वो उन्हें क्रेडिट देते हैं लेकिन जब भी मुश्किल हालात आते हैं तो वो टीम को मुसीबत से निकालने के लिए सबसे पहले आगे आते हैं।'

चेतन ने रिकी पोंटिंग की तारीफ करते हुए कहा, 'मैं यहां लंबे समय से हूं। मैं रिकी पोंटिंग के सोचने के तरीके से प्रभावित हूं। जब भी कोई कठिन परिस्थिति आती है तो पोंटिंग खिलाड़ियों को प्रेरित करने की कोशिश करते हैं और वह मजाक के माध्यम से भी ड्रेसिंग रूम का माहौल हल्का करने की भी कोशिश करते हैं। वो व्यक्तिगत रूप से खिलाड़ियों से बात करते हैं और उन्हें खेल के लिए तैयार रहने के लिए प्रेरित करते हैं।'

बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ने से पहले युवा गेंदबाज चेतन सकारिया राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा थे। आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन से पहले राजस्थान ने उन्हें रिलीज किया था जिसके बाद मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 4 करोड़ 20 लाख रुपए देकर अपने साथ जोड़ा है।

लेखक के बारे में

Prabhat Sharma
Prabhat Sharma - A cricket Analyst and Cricket fan. Worked with Jansatta (The Indian Express Group), Times Now Hindi Digital Team, Zee Media in the past. One can reach him at +91 - 8765180685 Read More
ताजा क्रिकेट समाचार