T20 World Cup 2026, Sri Lanka vs Ireland Highlights: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका ने आयरलैंड के खिलाफ दमदार जीत दर्ज की। कुसल मेंडिस और कामिंदु मेंडिस की अहम साझेदारी ने टीम को 163 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में आयरलैंड की पारी बीच के ओवरों में लड़खड़ा गई। हसरंगा और थीक्षाना की घातक गेंदबाजी ने रनचेज को पूरी तरह पटरी से उतार दिया। आखिरकार श्रीलंका ने 20 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का छठा मुकाबला रविवार (8 फरवरी) को आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में श्रीलंका और आयरलैंड के बीच खेला गया। टॉस जीतकर आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
श्रीलंका की शुरुआत धीमी रही और पथुम निसांका (22) व कामिल मिशारा (14) जल्दी आउट हो गए। मध्यक्रम में पवन रत्नायके (5) और दुनिथ वेलालागे (10) भी ज्यादा देर टिक नहीं सके, जिससे टीम दबाव में नजर आई।
इसके बाद कुसल मेंडिस ने मोर्चा संभालते हुए 43 गेंदों में नाबाद 56 रन की संयमित पारी खेली। दूसरे छोर से कामिंदु मेंडिस ने आक्रामक अंदाज दिखाया और सिर्फ 19 गेंदों में 44 रन ठोक दिए। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 67 रन की अहम साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत श्रीलंका 163 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा।
आयरलैंड की ओर से बैरी मैक्कार्थी और जॉर्ज डॉकरेल ने 2-2 विकेट झटके, जबकि मार्क अडायर और गैरेथ डेलानी को 1-1 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत भी खराब रही और कप्तान पॉल स्टर्लिंग 6 रन बनाकर आउट हो गए। रॉस अडायर ने 23 गेंदों में 34 रन की पारी खेली। इसके बाद हैरी टेक्टर और लोर्कन टकर ने तीसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े। टेक्टर ने 34 गेंदों में 40 और टकर ने 18 गेंदों में 21 रन बनाए।
लेकिन जैसे ही यह साझेदारी टूटी, श्रीलंका के स्पिन गेंदबाजों ने मैच पर पूरा नियंत्रण बना लिया। हसरंगा और थीक्षाना ने लगातार विकेट झटककर रनगति पर ब्रेक लगा दिया और आयरलैंड की टीम 20 ओवर में सिर्फ 143 रन ही बना सकी।
गेंदबाजी में महेश थीक्षाना और वानिन्दु हसरंगा ने 3-3 विकेट झटके, जबकि मथीशा पथिराना ने 2 विकेट हासिल किए। दुष्मंथा चमीरा और दुनिथ वेलालागे को भी 1-1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह श्रीलंका नेआयरलैंड को 20 रन से हराया और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में विजयी शुरुआत की।