PSL 2023: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 2023) के 19वें मैच में भी आज़म खान का तूफान आया जो कराची किंग्स को अपने साथ उड़ाकर ले गया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए कराची की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में स्कोरबोर्ड पर 5 विकेट के नुकसान पर 201 रन लगा दिए थे और तब ऐसा लग रहा था कि इस्लामाबाद के लिए ये चेज़ बहुत मुश्किल होने वाली है लेकिन एक बार फिर आज़म खान ने अपनी टीम के लिए मैच जिताऊ पारी खेलकर फैंस को अपना मुरीद बना लिया।

Advertisement

पहले तो कराची के कप्तान इमाद वसीम ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए इस मैच में भी इस्लामाबाद के गेंदबाजों की कुटाई की और अंत तक नाबाद रहते हुए 54 गेंदों में 92 रनों की तूफानी पारी खेली और उनकी इस पारी के चलते ही कराची की टीम 201 तक पहुंच पाई लेकिन इमाद की पारी पर आज़म खान भारी पड़ गए।

Advertisement

आज़म खान ने इस मैच में 41 गेंदों में 72 रनों की नाबाद आतिशी पारी खेली और इस्लामाबाद को एक और जीत दिला दी। इस पारी के दौरान आज़म के बल्ले से 8 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के भी देखने को मिले। आज़म खान के अलावा सलामी बल्लेबाज़ एलेक्स हेल्स ने भी इस्लामाबाद को तेज़ शुरुआत दी। हेल्स ने आउट होने से पहले सिर्फ 16 गेंदों में 34 रन बना दिए और अपनी टीम को जरूरतमंद शुरुआत दी।

वहीं, फहीम अशरफ ने भी अच्छे हाथ दिखाते हुए 32 गेंदों में 41 रनों की शानदार पारी खेली लेकिन 19वें ओवर में वो रनआउट हो गए लेकिन आज़म खान अंत तक खड़े रहे और ये सुनिश्चित किया कि वो अपनी टीम को जीत दिलाकर ही बाहर जाएं। वहीं, कराची के लिए कोई भी गेंदबाज कुछ खास नहीं कर सका और खामियाजा उन्हें हार के रूप में भुगतना पड़ा।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार