Jasprit Bumrah Fitness Update: श्रीलंका के खिलाफ अगले महीने होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर सामने आई है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह तेजी से फिटनेस हासिल कर रहे हैं और रिपोर्ट्स के मुताबिक वह जल्द ही गेंदबाजी अभ्यास शुरू करने वाले हैं।
बुमराह को अगस्त में होने वाली श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर बताई गई थी। भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गाले में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा। यह दोनों मुकाबले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा हैं और भारत के लिए काफी अहम रहने वाले हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह अपनी फिटनेस को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी चोट से उबरने के लिए वह चरणबद्ध तरीके से अपनी ट्रेनिंग बढ़ा रहे हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि बुमराह इस सप्ताह से नियंत्रित तरीके से गेंदबाजी शुरू कर सकते हैं। उनका वर्कलोड धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा ताकि वह टेस्ट क्रिकेट में लंबे स्पेल डालने के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।
बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मेडिकल विशेषज्ञ लगातार बुमराह की निगरानी कर रहे हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स काफी सकारात्मक हैं और टीम मैनेजमेंट को भरोसा है कि वह पहले टेस्ट में भारतीय तेज आक्रमण की अगुवाई करेंगे।
इसके अलावा खबर यह भी है कि टेस्ट कप्तान शुभमन गिल भी अपनी गर्दन की पुरानी समस्या से पूरी तरह छुटकारा पाने की कोशिश कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार वह विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह ले रहे हैं ताकि यह परेशानी लंबे समय तक दोबारा न उभरे।
Also Read: LIVE Cricket Score
गिल पिछले साल साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान भी इसी चोट की वजह से बाहर रहे थे और आईपीएल 2026 का एक मुकाबला भी नहीं खेल पाए थे। टीम मैनेजमेंट चाहता है कि कप्तान पूरी तरह फिट रहें, क्योंकि आने वाले महीनों में भारत को लगातार अहम टेस्ट मुकाबले खेलने हैं।