AUS Vs ENG 4th T20I: इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 57 गेंदों में 119 रन की तूफानी पारी खेली, लेकिन उनकी यह मेहनत टीम को जीत नहीं दिला सकी। रविवार (29 नवंबर) को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 7 रन से हराया। इस हार के साथ ही मार्श के नाम टी20 इंटरनेशनल का एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

दरअसल, मिचेल मार्श अब टेस्ट खेलने वाले देशों के बीच टी20 इंटरनेशनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए हारने वाली टीम की ओर से दूसरी पारी में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उनकी यह 119 रन की पारी अब इस अनचाही लिस्ट में पहले स्थान पर दर्ज हो गई है। इससे पहले इस रिकॉर्ड के लिए कोई बल्लेबाज दूसरी पारी में इतना बड़ा स्कोर नहीं बना पाया था।

हालांकि, टी20 इंटरनेशनल में हारने वाली टीम की ओर से सबसे बड़ी पारियों की बात करें तो मार्श इस लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉटसन और भारत के ऋतुराज गायकवाड़ हैं। वॉटसन ने 2016 में भारत के खिलाफ सिडनी में नाबाद 124 रन बनाए थे, जबकि गायकवाड़ ने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुवाहाटी में नाबाद 123 रन की पारी खेली थी। साउथ अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस ने भी 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 119 रन बनाए थे। लेकिन इन तीनों बल्लेबाजों की पारियां पहली पारी में आई थीं, जबकि मार्श ने लक्ष्य का पीछा करते हुए यह पारी खेली।

टी20 इंटरनेशनल में हारने वाली टीम की ओर से सबसे बड़ी पारियां 

  • 124* रन – शेन वॉटसन बनाम भारत
  • 123* रन – ऋतुराज गायकवाड़ बनाम ऑस्ट्रेलिया
  • 119 रन – फाफ डु प्लेसिस बनाम वेस्टइंडीज
  • 119 रन – मिचेल मार्श बनाम इंग्लैंड
  • 118 रन – जॉनसन चार्ल्स बनाम साउथ अफ्रीका

मुकाबले की बात करें तो इंग्लैंड ने पहले बल्लाबाजी करते हुए 181 रन बनाए थे। टीम की ओर से सैम करन ने 28 गेंदों में नाबाद 50 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जेम्स कोल्स ने भी 29 गेंदों में उपयोगी 33 रन बनाए।

Also Read: LIVE Cricket Score

जवाब में ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल मार्श के अलावा कोई भी बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे पाया। सैम हार्पर 18 रन बनाकर दूसरे टोप स्कोरर रहे।

मार्श के दम पर ऑस्ट्रेलिया मुकाबले में बनी रही और मैच आखिरी ओवर तक पहुंच गया। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 12 रन की जरूरत थी। ऐसे में इंग्लैंड के गेंदबाज हेनरी क्रोकोम्ब ने चौथी गेंद पर मार्श को कैच आउट कराकर मैच का रुख बदल दिया। कप्तान का विकेट गिरते ही ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा और टीम निर्धारित ओवरों में लक्ष्य से 7 रन पीछे रह गई।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार