इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीज़न के दौरान खिलाड़ी मैदान के अंदर तो फैंस का मनोरंजन कर ही रहे हैं लेकिन कुछ खिलाड़ी मैदान के बाहर भी अपने रवैय्ये से दिल जीत रहे हैं। इसी कड़ी में गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने भी कुछ ऐसा किया है जिसने हर फैन को सिराज का दीवाना बना दिया है। इस समय सिराज का ये वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है।
इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सिराज गुजरात टाइटंस के बस ड्राइवर का बड़े ही गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें गले लगा लेते हैं। मुस्कुराते हुए सिराज उनके पास जाते हैं और पंजाबी अंदाज़ में कहते हैं, "सत श्री अकाल, पाजी।" ये पल देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया क्योंकि सिराज के बाद गुजरात टाइटंस के दूसरे खिलाड़ी भी इसमें शामिल हो गए और उन्होंने भी ड्राइवर से हाथ मिलाया।
वहीं, आईपीएल 2026 के 14वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का सामना बुधवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (जीटी) से होगा। अक्षर पटेल की कप्तानी में डीसी जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से इस मुकाबले में उतरेगी। वहीं, जीटी को इस सीजन की पहली जीत की तलाश होगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
गुजरात टाइटंस को आईपीएल 2026 के शुरुआती दोनों ही मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आखिरी मुकाबले में 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 204 रन ही बना पाई थी। बल्लेबाजी में साई सुदर्शन कमाल की लय में नजर आए हैं। हालांकि, सुदर्शन को दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका है। शुभमन गिल पूरी तरह से फिट न होने के कारण आखिरी मुकाबले में नहीं खेले थे। हालांकि, इस मैच में उनकी प्लेइंग इलेवन में वापसी होना लगभग तय माना जा रहा है। जोस बटलर, ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया और शाहरुख खान उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। गेंदबाजी में भी सिराज और रबाडा की जोड़ी ने काफी रन खर्च किए हैं। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा भी लाइन एंड लेंथ से भटके दिखाई दिए हैं। राशिद खान भी अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।