आईपीएल 2025 के 29वें मुकाबले में करुण नायर की तूफानी 89 रन की पारी भी दिल्ली कैपिटल्स को जीत नहीं दिला सकी। मुंबई इंडियंस ने बेहतरीन वापसी करते हुए यह मुकाबला 12 रन से जीत लिया। यह मुंबई की इस सीजन में दूसरी जीत है जबकि दिल्ली को पहली बार हार का सामना करना पड़ा।

Advertisement

आईपीएल 2025 के 29वें मुकाबले में रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने थे। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन मुंबई के बल्लेबाजों ने उन्हें निराश कर दिया।

Advertisement

पहली पारी में मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 205 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 33 गेंदों में 59 रन की लाजवाब पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनके अलावा रियान रिकेल्टन ने 41, सूर्यकुमार यादव ने 40 और अंत में नमन धीर ने सिर्फ 17 गेंदों में 38 रन की तेज़तर्रार पारी खेली। दिल्ली की ओर से कुलदीप यादव और विपराज निगम ने 2-2 विकेट चटकाए।

206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में जेक फ्रेजर मैक्गर्क बिना खाता खोले आउट हो गए। लेकिन इसके बाद करुण नायर ने मोर्चा संभाल लिया। नायर ने सिर्फ 22 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। उन्होंने 40 गेंदों में 89 रन (12 चौके, 5 छक्के) की विस्फोटक पारी खेली।

10 ओवर में दिल्ली का स्कोर 113/1 था और लग रहा था कि दिल्ली आसानी से यह मुकाबला जीत लेगी। लेकिन 11वें ओवर में कर्ण शर्मा ने अभिषेक पोरेल (33) को आउट कर मैच का पासा पलटा। इसके बाद करुण नायर भी 12वें ओवर में सेंटनर का शिकार बन गए।

दिल्ली कैपिटल्स की पारी बिखरने लगी और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। राहुल (15), स्टब्स (1), अक्षर पटेल (9), आशुतोष शर्मा (17) और विपराज निगम (14) के आउट होने के बाद आखिरी उम्मीदें भी टूट गईं। दिल्ली की पूरी टीम 19 ओवर में ही 193 रन पर ऑलआउट हो गई।

Advertisement

मुंबई इंडियंस की ओर से कर्ण शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट झटके। मिचेल सेंटनर ने भी 2 विकेट लिए, जबकि बुमराह और दीपक चाहर को 1-1 विकेट मिला।

इस जीत के बाद मुंबई इंडियंस की टीम 9वें स्थान से उठकर 7वें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स, जो लगातार 4 मैच जीतकर पहले स्थान पर थी, अब दूसरे स्थान पर खिसक गई है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार