Namibia T20I Tri-Series 2026, NAM vs SA: साउथ अफ्रीका ने टी20 ट्राई नेशन के इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में नामीबिया को 11 रन से हरा दिया। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 228 रन का बड़ा स्कोर बनाया, जिसके जवाब में नामीबिया ने भी अच्छी लड़ाई लड़ी, लेकिन लक्ष्य से थोड़ा दूर रह गई।

Advertisement

नामीबिया में खेली जा रही टी20 ट्राई नेशन सीरीज का छठा मुकाबला शुक्रवार (4 सितंबर) को नामीबिया और साउथ अफ्रीका के बीच विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

साउथ अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रिटोरियस और कॉनर एस्टरहुइजेन के बीच पहले विकेट के लिए 156 रन की शानदार साझेदारी हुई। एस्टरहुइजेन ने 40 गेंदों में 88 रन की तूफानी पारी खेली, लेकिन वह अपने शतक से 12 रन दूर रह गए।

वहीं 20 साल के लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने एक बार फिर बल्ले से धमाल मचा दिया। उन्होंने महज 53 गेंदों में 101 रन की शतकीय पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। 

नामीबिया की ओर से जान बाल्ट ने 2 विकेट लिए, जबकि कप्तान गेरहार्ड इरास्मस और रूबेन ट्रम्पेलमैन को 1-1 सफलता मिली।

229 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया ने भी जबरदस्त शुरुआत की। लॉरेन स्टीनकैंप और जान फ्राइलिन्क ने पहले विकेट के लिए 119 रन जोड़कर मेजबान टीम की उम्मीदें जगा दीं। स्टीनकैंप 44 गेंदों में 61 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। वहीं जान फ्राइलिन्क ने सिर्फ 36 गेंदों में 72 रन की तेज पारी खेली और नामीबिया को रनचेज में बनाए रखा। 

आखिरी ओवरों में कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 26 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाए, जबकि रूबेन ट्रम्पेलमैन ने 10 गेंदों में 21 रन की तेज पारी खेली। इस तरह जीत के लिए टीम ने पूरा जोर लगाया, लेकिन नामीबिया निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 217 रन ही बना सकी और साउथ अफ्रीका ने 11 रन से जीत दर्ज कर ली। 

साउथ अफ्रीका की ओर से नकोबानी मोकोएना ने 2 विकेट लिए, जबकि एंडिले सिमेलाने को 1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस हार के साथ ही मेजबान नामीबिया की टीम इस ट्राई नेशन सीरीज के फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है। अब सीरीज का खिताबी मुकाबला रविवार (6 सितंबर) को साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार