Prema Rawat World Record: भारत की बेटी प्रेमा रावत (Prema Rawat) ने Women's Domestic T20 Trophy के मुकाबले में 14 गेंदों पर अर्धशतक लगाकर इतिहास रच दिया है। प्रेमा अब महिला टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली दुनिया की नंबर-1 क्रिकेटर बन गईं हैं। उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ी फातिमा सना (Fatima Sana) का World Record तोड़ा है।
प्रेमा ने 14 गेंदों पर बनाया अर्धशतक: 24 वर्षीय प्रेमा रावत भारत के उत्तराखंड से आती हैं। उन्होंने सोमवार, 02 नवंबर को पुणे के MCA क्रिकेट स्टेडियम में अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई और हैदराबाद के सामने महज़ 14 गेंदों पर अर्धशतक लगा दिया। उन्होंने 3 चौके 6 छक्के लगाकर ये कारनामा किया। यानी उन्होंने 48 रन तो महज़ चौके-छक्के से बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 357 रहा।
एक बार फिर बता दें कि अब प्रेमा रावत महिला टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे कम गेंदों पर हाफ सेंचुरी लगाने वाले खिलाड़ी बन गईं हैं। उनसे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तानी क्रिकेटर फातिमा सना के नाम दर्ज था। फातिमा ने 15 गेंदों पर हाफ सेंचुरी लगाई थी।
BCCI Domestic ने खुद अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से प्रेमा की तूफानी पारी का वीडियो साझा किया है। ये वीडियो 1 मिनट 8 सेकंड का है जिसे आप नीचे देख सकते हो। इसमें प्रेमा एक के बाद एक चौके-छक्के लगाती दिखी हैं।
बताते चलें कि प्रेमा रावत ने हैदराबाद के सामने अपनी गेंदबाज़ी से भी जलवा बिखेरा। उन्होंने पूरे 4 ओवर किए और 12 रन देकर 2 विकेट चटकाए। 24 वर्षीय प्रेमा भारत के लिए भी 7 टी20 इंटरनेशनल खेल चुकी हैं। इसमें उन्होंने 7 विकेट चटकाए हैं और 13 रन जोड़े हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
उत्तराखंड ने 89 रनों से जीता मुकाबला: पुणे के MCA मैदान पर उत्तराखंड ने ही टॉस जीतकर पहली बैटिंग चुनी। इस मुकाबले में उत्तराखंड ने राघवी बिष्ट (50 गेंदों पर 72 रन), करीना (34 गेंदों पर 44 रन) और प्रेमा रावत (14 गेंदों पर 50 रन) की शानदार पारी के दम पर 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 187 रन बनाए। इसके जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 98 रन ही जोड़ पाई और ऐसे उत्तराखंड ने 89 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।