IPL 2026, Rajasthan Royals vs Chennai Super Kings Highlights: आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से एकतरफा अंदाज में हरा दिया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए CSK की टीम सिर्फ 127 रन पर सिमट गई। जवाब में वैभव सूर्यवंशी के तूफानी अर्धशतक और यशस्वी जायसवाल की समझदारी भरी पारी से RR ने 12.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
सोमवार (30 मार्च) को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ दोनों ही 6-6 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद आयुष म्हात्रे खाता भी नहीं खोल पाए और मैथ्यू शॉर्ट 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जिससे टीम ने पावरप्ले में ही 4 विकेट गंवा दिए।
मध्यक्रम में सरफराज खान (17) और कार्तिक शर्मा (18) ने थोड़ी कोशिश जरूर की, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। ऐसे में टीम लगातार दबाव में रही। अंत में जेमी ओवरटन ने 36 गेंदों में 43 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर दिखाया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास साथ नहीं मिला और पूरी टीम 19.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में नंद्रे बर्गर, जोफ्रा आर्चर और रविंद्र जडेजा ने 2-2 विकेट झटके। इसके अलावा रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा और बृजेश शर्मा को 1-1 सफलता मिली।
128 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत धमाकेदार रही। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 38 गेंदों में 75 रन जोड़कर मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और 17 गेंदों में 52 रन ठोके, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं यशस्वी जायसवाल ने 36 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाकर पारी को संभाले रखा। इन पारियों की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 12.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से अंशुल कंबोज ही एकमात्र गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 विकेट हासिल किए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह राजस्थान रॉयल्स ने 47 गेंद शेष रहते मुकाबला जीतकर IPL 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।