IPL 2026, Royal Challengers Bengaluru vs Mumbai Indians: रायपुर में रविवार (10 मई) को खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर 2 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस 166 रन ही बना सकी, जिसके जवाब में RCB ने क्रुणाल पांड्या की दमदार पारी और भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी की बदौलत यह मैच अपने नाम किया।
आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। इनफॉर्म बल्लेबाज रयान रिकेल्टन सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि रोहित शर्मा ने 10 गेंदों में 22 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए और टीम ने 3 ओवर के अंदर ही तीन बड़े विकेट गंवा दिए।
इसके बाद नमन धीर और तिलक वर्मा ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 57 गेंदों में 82 रन की अहम साझेदारी की। नमन धीर ने 32 गेंदों में 47 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 42 गेंदों में 57 रन बनाकर अर्धशतक लगाया। इन दोनों पारियों की बदौलत टीम 20 ओवर में 166 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच गई।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं रोमारियो शेफर्ड, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम दार को 1-1 सफलता मिली।
167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत भी खराब रही। विराट कोहली बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि देवदत्त पडिक्कल 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान रजत पाटीदार भी 8 रन ही बना सके।
हालांकि जैकब बेथेल ने एक छोर संभालते हुए 27 गेंदों में 27 रन की पारी खेली। इसके बाद क्रुणाल पांड्या ने जिम्मेदारी उठाई और शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मुकाबले में बनाए रखा। क्रुणाल ने 46 गेंदों में 73 रन की लड़ाकू पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
लेकिन क्रुणाल के आउट होते ही मैच फिर रोमांचक हो गया। आखिरी ओवर में RCB को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। इस दबाव भरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने अहम छक्का जड़ा और रसिख सलाम ने आखिरी गेंद पर 2 रन दौड़कर टीम को यादगार जीत दिला दी। इस तरह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आखिरी गेंद पर 2 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही RCB ने प्लेऑफ की रेस में खुद को मजबूत कर लिया है। वहीं मुंबई इंडियंस अब अधिकारिक तौर पर प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।
Also Read: LIVE Cricket Score
मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजी में कॉर्बिन बॉश ने 4 विकेट झटके। दीपक चाहर ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि राज बावा और एएम गजनफर को 1-1 सफलता मिली।