नीतीश राणा भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और चहल की गेंद पर तीसरे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। राणा ने 11 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 18 रन बनाए। नए बल्लेबाज के रूप में उतरे दिनेश कार्तिक (2) रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान इयोन मोर्गन ने शाकिब अल हसन के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की और दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 40 रनों की साझेदारी हुई। यह साझेदारी और बड़ी होती उससे पहले मोर्गन आउट हो गए। उन्होंने 23 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 29 रन बनाए।
मोर्गन के बाद शाकिब (26) भी पवेलियन लौटे। इसके बाद पैट कमिंस (6) भी जल्द ही आउट हो गए। आंद्रे रसेल ने कुछ देर टिककर टीम को हार के मुंह से निकालने की कोशिश की लेकिन वह आठवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। कोलकाता की पारी में हरभजन सिंह दो और वरूण चक्रवर्ती दो रन बनाकर नाबाद रहे। देखें स्कोरकार्ड
इससे पहले, बैंगलोर की शुरूआत खराब रही थी और वरूण चक्रवर्ती ने कप्तान विराट कोहली (5) और रजत पाटीदार (1) को कुल नौ रन के स्कोर पर आउट किया। शुरूआती झटका लगने के बाद मैक्सवेल और देवदत्त पडीकल ने बैंगलोर की पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 86 रनों की साझेदारी की।
प्रसिद्ध कृष्णा ने हालांकि पडीकल को आउट कर बेंगलोर को तीसरा झटका दिया। पडीकल ने 28 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 25 रन बनाए। पडीकल के आउट होने के बाद मैक्सवेल और डीविलियर्स ने तूफानी पारी खेल बेंगलोर को मजबूत स्थिति पर पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 53 रन जोड़े।
कमिंस ने हरभजन के हाथों कैच कराकर मैक्सवेल को आउट किया। इसके बाद डीविलियर्स ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए बेंगलोर को बड़े स्कोर की अग्रसर किया और टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। बेंगलोर की पारी में काइल जैमिसन चार गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
कोलकाता की ओर से वरूण को दो विकेट मिले जबकि कमिंस और प्रसिद्ध ने एक-एक विकेट लिया।