Bangladesh vs Pakistan 3rd ODI Highlights: ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए निर्णायक वनडे में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 11 रन से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बांग्लादेश ने 290 रन का मजबूत स्कोर बनाया, जिसमें तंजीद हसन ने शानदार शतक जड़ा। जवाब में पाकिस्तान के लिए सलमान आगा ने 106 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
रविवार (15 मार्च) को खेले गए बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान शाहीन अफरीदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बांग्लादेश को सैफ हसन और तंजीद हसन ने शानदार शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 109 गेंदों में 105 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत नींव दी। सैफ हसन ने 55 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि तंजीद हसन ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 107 गेंदों में 107 रन की शतकीय पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
इसके अलावा नजमुल हुसैन शान्तो ने 34 गेंदों में 27 रन और लिट्टन दास ने 51 गेंदों में 41 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। वहीं आखिरी ओवरों में तौहीद हृदोय ने 44 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत किया। इन पारियों की बदौलत बांग्लादेश ने 50 ओवर में 290 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
पाकिस्तान की ओर से गेंदबाज़ी में हारिस रऊफ ने 3 विकेट झटके। इसके अलावा कप्तान शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद को 1-1 विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। साहिबजादा फरहान और माज सदाकत दोनों ही 6-6 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, जबकि मोहम्मद रिजवान भी सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद गाजी गोरी ने 29 रन और अब्दुल समद ने 34 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। इस बीच सलमान अली आगा ने एक छोर संभाले रखा और शानदार शतक जड़ दिया। उन्होंने 98 गेंदों में 106 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।
उन्हें अब्दुल समद (38) और कप्तान शाहीन अफरीदी (37) का भी अच्छा साथ मिला, लेकिन सलमान आगा के आउट होते ही पाकिस्तान की उम्मीदें भी टूट गईं और टीम 50 ओवर में 279 रन पर सिमट गई।
बांग्लादेश की ओर से गेंदबाज़ी में तस्कीन अहमद ने 4 विकेट झटके। मुस्तफिजुर रहमान ने 3 और नाहिद राणा ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि रिशाद हुसैन को 1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह बांग्लादेश ने रोमांचक मुकाबले में 11 रन से जीत दर्ज कर 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली।