IND vs SL 2nd Test: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन मंगलवार (25 अगस्त) को मैदान पर क्रिकेट के साथ-साथ खिलाड़ियों के बीच मजेदार बातचीत भी देखने को मिली। ऋषभ पंत की जगह बतौर सब्स्टीट्यूट फील्डिंग कर रहे सरफराज खान (Sarfaraz Khan) ने शॉर्ट लेग पर खड़े होकर श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा (Dhananjaya de Silva) को भी खूब छेड़ा।
यह पूरा मामला श्रीलंका की पहली पारी के 35वें ओवर के दौरान हुआ। मानव सुथार गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की तीसरी गेंद पर धनंजय डी सिल्वा ने शानदार शॉट खेलते हुए गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। इसके बाद धनंजय अगली गेंद खेलने के लिए कुछ समय लेने लगे। इसी बीच शॉर्ट लेग में खड़े सरफराज खान ने श्रीलंकाई कप्तान पर कमेंट करना शुरू कर दिया।
सरफराज ने धनंजय से कहा, "तुम बस समय बर्बाद कर रहे हो भाई। डरो मत, खेलो! तुम कप्तान हो। तुम इसी का इंतजार कर रहे हो।" दोनों खिलाड़ियों के बीच यह बातचीत कैमरों में भी कैद हो गई।
VIDEO:
लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने इस पूरे वाकये को और मजेदार बना दिया। सरफराज की बात के महज दो गेंद बाद ही धनंजय डी सिल्वा अपना विकेट गंवा बैठे। मानव सुथार की गेंद पर धनंजय के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद स्लिप में खड़े केएल राहुल के हाथों में चली गई। धनंजय ने 14 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 8 रन बनाए।
मैच की बात करें तो भारत ने अपनी पहली पारी 9 विकेट के नुकसान पर 503 रन बनाकर घोषित की थी। भारत के लिए देवदत्त पडिक्कल ने 117 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115 रन बनाए।
इसके जवाब में श्रीलंका की टीम तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 8 विकेट के नुकसान पर 265 रन बना चुकी थी। मेजबान टीम अभी भारत के पहली पारी के स्कोर से 238 रन पीछे है और उसके सिर्फ दो विकेट बाकी हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत की ओर से मानव सुथार और प्रसिद्ध कृष्णा सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। दोनों गेंदबाज श्रीलंका की पहली पारी में अब तक तीन-तीन विकेट अपने नाम कर चुके हैं।