पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट का तीसरा दिन पूरी तरह से श्रीलंका के बल्लेबाजों के नाम रहा। दिन का खेल खत्म होने तक मेहमान टीम ने 4 विकेट खोकर 404 रन स्कोर बोर्ड पर लगा लिए हैं।

टेस्ट के दूसरे दिन 114/3 के स्कोर से श्रीलंका ने आगे खेलना शुरू किया। कामिंदु मेंडिस ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। मेंडिस 131 गेंदों का सामना करने के बाद 58 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद धनंजय डी सिल्वा और कुशल मेंडिस ने मोर्चा संभाला और पाकिस्तान के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसाया। दोनों मिलकर पांचवें विकेट के लिए अब तक 249 रनों की अटूट साझेदारी निभा चुके हैं।

धनंजय 241 गेंदों का सामना करने के बाद 167 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। अपनी इस पारी में धनंजय 20 चौके लगा चुके हैं। वहीं, कप्तान कुशल मेंडिस ने भी शतक लगाया। वह 188 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 117 रन बनाकर धनंजय का साथ निभा रहे हैं। पहले सेशन में एक विकेट चटकाने के बाद पाकिस्तान के गेंदबाजों को अगले दो सेशन में कोई विकेट नहीं मिल सका। हालांकि, श्रीलंका अभी पाकिस्तान द्वारा पहली पारी में बनाए गए 434 रनों के स्कोर से 30 रन पीछे है, लेकिन टीम के अभी 6 विकेट शेष हैं।

हालांकि, पहली पारी में श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पसिंदु सूरियाबंदारा को मोहम्मद अब्बास ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। इसके बाद दिनेश चांदीमल भी महज एक रन ही बना सके और साकिब खान का शिकार बने। लाहिरू उदारा अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करने में नाकाम रहे और वह 52 गेंदों में 42 रन बनाने के बाद आउट हुए। पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में अब तक साकिब खान और मोहम्मद अब्बास ने दो-दो विकेट चटकाए हैं। इससे पहले, पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी 9 विकेट खोकर 434 रन बनाने के बाद घोषित की थी।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार