भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के लिए भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन टीम से बाहर हो गए हैं। ईशान को जांघ के पास की मांसपेशियों (दाएं एडक्टर) में हल्की चोट लगी है।

ईशान किशन की जगह पर कुमार कुशाग्र को टीम में कवर के तौर पर शामिल किया गया है। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने एक विज्ञप्ति में बताया कि कुशाग्र, जो अभी भारत ए टीम के साथ क्राइस्टचर्च में हैं, दूसरे टी20 इंटरनेशनल के लिए भारतीय टीम से जुड़ेंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ईशान किशन की स्थिति पर लगातार नजर रखेगी। ईशान को यह चोट सीरीज के पहले टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान लगी थी, जिसमें भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की थी।

बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा, "ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उन्हें सीरीज के पहले टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान दाएं एडक्टर में हल्की चोट लग गई थी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है।"

सीरीज के पहले मैच में ईशान नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने आए थे, जबकि तिलक वर्मा नंबर 3 पर उतरे थे। बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बैटिंग ऑर्डर में बदलाव के बारे में बताते हुए कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान को जांघ के ऊपरी हिस्से में चोट लगी थी। दूसरे टी20 में ईशान के न खेलने से युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए प्लेइंग 11 में जगह बनाने का मौका बन सकता है।

कोटक ने पत्रकारों से कहा, "मैंने भी कई तरह की अटकलें सुनी हैं। बैटिंग ऑर्डर में बदलाव इसलिए किया गया था क्योंकि ईशान को जांघ के ऊपरी हिस्से में चोट लगी थी। अगर ईशान पूरी तरह ठीक नहीं होते हैं- जिस पर मेडिकल टीम सलाह देगी- और नहीं खेलते हैं तो उनकी जगह वैभव (सूर्यवंशी) को निश्चित रूप से मौका मिल सकता है। वह सबसे मजबूत दावेदारों में से एक हैं।"

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार