मस्कट में खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर मेंस अंडर-19 एशिया कप खिताब जीता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के इन युवा क्रिकेटर्स पर गर्व जताते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारतीय क्रिकेट के लिए एक शानदार दिन। आज के बेहतरीन प्रदर्शन और पुरुष अंडर-19 एशिया कप 2026 जीतने के लिए हमारे युवा क्रिकेटर्स पर बहुत गर्व है। उनकी यह सफलता कई अन्य युवाओं को प्रेरित करेगी। टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "एशिया चैंपियन, भारत। अंडर-19 टीम को इस ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई।"

पाकिस्तान ने भारत के सामने 338 रनों का मुश्किल लक्ष्य रखा था। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (80) और आर्यवीर सहवाग (58) की अर्धशतकीय पारियों और उसके बाद मनल चौहान (47) तथा मोहित उलवा (49 नाबाद) के अहम योगदान की बदौलत भारत ने इस लक्ष्य का पीछा करते हुए एक रोमांचक जीत हासिल की।

पूर्व भारतीय ओपनर और आर्यवीर के पिता वीरेंद्र सहवाग ने 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए युवा टीम के जज्बे की तारीफ करते हुए लिखा, "क्या मैच था! क्या शानदार अंत! 338 रनों का पीछा करते हुए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराना, सच में बहुत बड़े जज्बे की बात है। लक्ष्य के 80 रन, आर्यवीर के 58 रन और फिर जब हमें एक चमत्कार की जरूरत थी, तब मनल चौहान और मोहित उल्वा का शानदार प्रदर्शन! क्या अविश्वसनीय जीत है। इन युवा चैंपियंस पर गर्व है।"

वहीं, पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने भी 'एक्स' पर टीम की तारीफ करते हुए विशेष रूप से आर्यवीर का जिक्र किया, जिन्हें टूर्नामेंट में सर्वाधिक 361 रन बनाने के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया।

गांगुली ने लिखा, "बहुत बढ़िया भारत अंडर-19... शानदार प्रदर्शन... युवा सहवाग... उनका टूर्नामेंट क्या कमाल का रहा है... और टीम के बाकी सभी खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन खेल दिखाया... वीरू (वीरेंद्र सहवाग) को जरूर बहुत गर्व हो रहा होगा।"

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज इरफान पठान ने 'एक्स' पर लिखा, "पाकिस्तान के खिलाफ हमारी अंडर-19 टीम की क्या शानदार जीत है। उन्होंने अपना असली लड़ाकू जज्बा दिखाया। यह देखकर बहुत अच्छा लगा।"

वीवीएस लक्ष्मण ने 'एक्स' पर लिखा, "लड़कों, आपको बहुत-बहुत बधाई। दबाव के बीच आपने जिस तरह का धैर्य, साहस और संयम दिखाया, वह शानदार था। जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब आपने बेहतरीन जज्बा, विश्वास और दृढ़ संकल्प दिखाया। जिस तरह से आपने भारत का प्रतिनिधित्व किया, उस पर मुझे गर्व है। सीखते रहें और अपने प्रदर्शन का स्तर और ऊंचा उठाते रहें। बहुत बढ़िया टीम।"

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार