ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज धमाकेदार जीत के साथ किया है। ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया। इंग्लैंड से मिले 132 रनों के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से 3 विकेट खोकर 23.3 ओवर में हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कंगारू टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ट्रेविस हेड बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। हालांकि, इसके बाद दूसरे विकेट के लिए कप्तान मिचेल मार्श और कूपर कोनोली ने मिलकर 44 गेंदों में 61 रन जोड़े। कोनोली 30 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मार्श ने 4 चौके और चार छक्कों की मदद से 30 गेंदों में 50 रन बनाए। जोश इंग्लिस 23 और मैट रेनशॉ 26 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे। इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन और जेमी ओवरटन ने एक-एक विकेट चटकाया।

इससे पहले, इंग्लैंड की पूरी टीम महज 131 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। बेन डकेट महज 9 रन बनाकर आउट हुए, तो जो रूट 17 रन ही बना सके। वहीं, कप्तान हैरी ब्रूक (1 रन) और जॉर्डन कॉक्स (2 रन) भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। टॉम बैंटन ने 27 गेंदों में 25 रन बनाए। सैम करन और लियाम डॉसन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। विल जैक्स ने 47 गेंदों में 25 रन बनाए, जबकि एटकिंसन 32 गेंदों में 29 रन बनाकर नाबाद रहे। जोफ्रा आर्चर ने 11 रन का योगदान दिया।

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से गेंदबाजी में महली बियर्डमैन ने अपने वनडे डेब्यू मुकाबले में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 7.4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 24 रन खर्च करते हुए 6 विकेट निकाले। वहीं, स्पेंसर जॉनसन ने 42 रन देकर 3 विकेट झटके। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार