पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के तीसरे दिन पाकिस्तान के तेज गेंदबाज साकिब खान का जलवा रहा। साकिब ने पहली पारी में श्रीलंका के 7 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजने के साथ बड़ी उपलब्धि को अपने नाम किया।

टेस्ट क्रिकेट के अपने डेब्यू मुकाबले में ही साकिब ने अपनी रफ्तार और शानदार गेंदबाजी से खूब वाहवाही बटोरी। 34 ओवर के स्पेल में साकिब ने 130 रन खर्च करते हुए 7 विकेट चटकाए। वह पाकिस्तान की ओर से डेब्यू टेस्ट की एक पारी में 7 विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले पाकिस्तान के लिए यह कारनामा मोहम्मद नजीर, मोहम्मद जाहिद और अबरार अहमद कर चुके हैं।

नजीर ने 1969 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 99 रन खर्च करते हुए 7 विकेट झटके थे। वहीं, जाहिद ने यह उपलब्धि 1996 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में हासिल की थी।

अबरार अहमद ने साल 2022 में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड के खिलाफ मुल्तान में 114 रन देकर 7 विकेट निकाले थे। साकिब ने दिनेश चांदीमल, धनंजय डी सिल्वा, कुशल मेंडिस और सोनल दिनुषा के अहम विकेट निकाले।

टेस्ट के दूसरे दिन साकिब ने 2 विकेट चटकाए थे। हालांकि, तीसरे दिन उन्होंने पहले सेशन में जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा और मेहमान टीम को 446 रनों पर ऑलआउट करने में अहम भूमिका निभाई।

श्रीलंका की तरफ से धनंजय डी सिल्वा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 246 गेंदों में 167 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, कप्तान कुशल मेंडिस ने 119 रन बनाए। श्रीलंका ने अपने आखिरी छह विकेट 42 रन जोड़कर गंवाए। श्रीलंका ने पहली पारी के आधार पर 13 रनों की मामूली बढ़त हासिल की।

दूसरी पारी में दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने एक विकेट खोकर 57 रन बना लिए हैं। अजान अवैस 22 और मोहम्मद ताहा 24 रन बनाकर खेल रहे हैं। तैयब आरिफ सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार