सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 के अपने पहले मैच में बिहार को सौराष्ट्र के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। होल्कर स्टेडियम में सौराष्ट्र ने बिहार से मिले 138 रनों के लक्ष्य को आसानी से 16.3 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

वैभव सूर्यवंशी को बतौर कप्तान पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा। वैभव इस मैच में कप्तानी करने के साथ ही टी20 क्रिकेट में सबसे युवा कप्तान बने। उन्होंने महज 15 साल और 232 दिन की उम्र में कप्तानी करते हुए नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया।

हालांकि, वैभव की अगुवाई में बिहार का प्रदर्शन इस मैच में निराशाजनक रहा। खुद वैभव बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 12 गेंदों में 18 रन बनाने के बाद आउट हुए।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिहार की शुरुआत अच्छी नहीं रही। आलोक कुमार महज 4 रन बनाकर आउट हुए, तो वैभव भी सस्ते में पवेलियन लौटे। इसके बाद आयुष लोहारुका भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। अल्तमश अशरफ अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 20 गेंदों में 24 रन बनाने के बाद आउट हुए।

राघवेन्‍द्र प्रताप सिंह 21 गेंदों का सामना करने के बाद 14 रन बनाकर आउट हुए। पृथ्वी राज ने टीम की ओर से सर्वाधिक 38 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 27 गेंदों का सामना किया और 4 छक्के लगाए। बिहार की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 137 रन ही बना सकी।

हालांकि, सौराष्ट्र ने 138 रनों के लक्ष्य को आसानी से चेज कर लिया। टीम की तरफ से हरवंस सिंह पंगालिया ने महज 11 गेंदों का सामना करते हुए 33 रनों की आतिशी पारी खेली। वहीं, रुचिट अहीर और सिद्धांत राणा 21-21 रन बनाकर नाबाद रहे। हार्विक देसाई ने भी 21 रनों का योगदान दिया, जबकि विश्वराज जडेजा ने 18 रन बनाए। बिहार की ओर से गेंदबाजी में सूरज कश्यप ने 4 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार