सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के अपने पहले मैच में मुंबई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद को एकतरफा अंदाज में 7 विकेट से हराया। मुंबी के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली।

मुंबई ने हैदराबाद से मिले 173 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 13.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करते हुए सूर्यकुमार ने 21 गेंदों पर नाबाद 60 रनों की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को ग्रुप डी एलीट मुकाबले में आसान जीत दिलाई। मुशीर खान ने भी 24 गेंदों पर 51 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने अंत में आकर पारी को फिनिश किया।

भारत को अपनी कप्तानी में टी20 विश्व कप 2026 का खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार आईपीएल के बाद पहली बार टॉप-लेवल क्रिकेट खेल रहे हैं। वह जून में मुंबई टी20 लीग और उसके बाद क्लब क्रिकेट में खेलते नजर आए थे, लेकिन अब काफी समय बाद उन्होंने टॉप-लेवल क्रिकेट में वापसी की है।

मैच की बात करें तो हैदराबाद की पूरी टीम 20 ओवर में 172 रन बनाकर ऑलआउट हुई। उनके बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में नहीं बदल सके। अभिराथ रेड्डी ने 24 गेंदों पर 35 रन बनाए, जबकि चौथे नंबर पर उतरे कोदिमेला हिमातेजा ने 16 गेंदों पर 25 रन जोड़े। कप्तान चामा वी मिलिंद ने अंत में 12 गेंदों पर 22 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

इसके जवाब में मुंबई को अंगकृष रघुवंशी (13 गेंदों पर 27 रन) और दूसरे ओपनर हार्दिक तमोरे (16 गेंदों पर 22 रन) ने एक मजबूत शुरुआत दी। 7.5 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 90/2 था और टीम जीत की ओर मजबूती से बढ़ रही थी। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और मुशीर ने मोर्चा संभाला और बेहतरीन बल्लेबाजी की। सूर्यकुमार ने अपनी शुरुआती सात गेंदों में दो छक्के और इतने ही चौके लगाए और सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

मुशीर ने भी शानदार बल्लेबाजी की। सूर्यकुमार ने 9वें ओवर में वेद रेड्डी के ओवर में 22 रन बनाए और फिर दोनों ने मिलकर अगले ओवर में प्रणव वर्मा के खिलाफ 24 रन बटोरे। 12वें ओवर में मुशीर 51 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन सूर्यकुमार ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। शिवम दुबे ने 5 गेंदों पर नाबाद 13 रन बनाए और शानदार छक्का लगाकर मुंबई को जीत दिलाई। सूर्यकुमार ने 21 गेंदों पर 60 रनों की अपनी आतिशी पारी में 6 चौके और 5 छक्के लगाए।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार