इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा नहीं होने के बावजूद सूर्यकुमार यादव का अंदाज बिल्कुल बदला नहीं है। हाल ही में उनसे टीम इंडिया से बाहर चल रहे होने को लेकर सवाल पूछा गया, जिस पर उन्होंने ऐसा वन लाइनर मारा कि वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। उनका यह जवाब अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया है।
दरअसल, सूर्यकुमार यादव हाल ही में हेयरकट कराने के लिए एक सैलून पहुंचे थे। बहां पहुंचते ही पैपराजी ने उनसे कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय जर्सी में उन्हें काफी मिस किया जा रहा है। इस पर सूर्यकुमार ने मुस्कुराते हुए सिर्फ इतना कहा, "मुझे? अरे... अच्छा तो चल रहा है।" सूर्यकुमार का यह वन लाइनर सुनते ही वहां मौजूद लोग हंस पड़े और कुछ ही देर में इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होना शुरू कर दिया।
VIDEO:
गौरतलब है कि पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी। चयनकर्ताओं ने बड़ा बदलाव करते हुए श्रेयस अय्यर को नया टी20 कप्तान नियुक्त किया। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने टीम चयन के पीछे खिलाड़ियों की मौजूदा फॉर्म और भविष्य की योजना को वजह बताया था।
हालांकि श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया की नई शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। भारत हाल ही में आयरलैंड दौरे पर गया, जहां उसे 2-0 से ऐतिहासिक सीरीज हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ जारी इस सीरीज का पहला टी20 मुकाबला बारिश की वजह से बिना नतीजे के खत्म हो गया।
Also Read: LIVE Cricket Score
उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 189 का मजबूत स्कोर बनाया था। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 47 गेंदों में 68 रन की शानदार पारी खेली और इंग्लैंड की सरजमीं पर टी20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान भी बने। अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम इंडिया दूसरे टी20 में जीत का खाता खोल पाती है या नहीं।