विराट कोहली, भारतीय टीम का यह स्टार बल्लेबाज़ रनों का अंबार लगाता है। कोहली अपने आक्रमक अंदाज के कारण भी काफी सुर्खियां बटोरते हैं। मैदान पर कोहली को कई बार विपक्षी खिलाड़ियों के साथ उलझता हुआ देखा गया है, लेकिन फैंस यह जानना चाहते हैं कि क्या मैदान के बाहर भी कोहली आक्रमक हैं? अगर आप भी उन्हीं विराट फैंस में से एक हैं तो आपको बता दें कि कोहली लड़ाई झगड़े में बिल्कुल विश्वास नहीं रखते।
जी हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा। मैदान पर विपक्षी खिलाड़ियों से जमकर बहसबाजी करके एग्रेसिव देखने वाले कोहली मैदान के बाहर बिल्कुल उल्ट व्यवहार पसंद करते हैं। विराट कोहली ने खुद एक इंटरव्यू में इसका खुलासा किया था। विराट कहते हैं, 'मैं किसी से लड़ाई नहीं करता। फिजिकल तो चांस ही नहीं है। कोई मुझे मार के निकल जाएगा, मैं तो मर जाऊंगा, उसको नहीं पता क्या होना है।'
विराट फिजिकल फाइट से घबराते हैं यह जानकर आपको जरूर शॉक लगा होगा, क्योंकि मैदान पर हमने एक आक्रमक कोहली देखा है। ऐसा क्यों हैं, इस पर भी विराट ने खुलासा किया है। विराट कहते हैं, 'हां मुंह से कुछ भी बुलवाओ, लेकिन मैं फिजिकल लड़ाई नहीं करता। मैं वरबल फाइट भी सिर्फ मैदान पर करता हूं, क्योंकि मुझे पता है वहां लड़ाई नहीं हो सकती। वहां अंपायर बीच में आ जाएंगे।'
विराट कोहली का यह बयान काफी हद तक बिल्कुल सही नज़र आता है, ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि कोहली को मैदान के बाहर कभी लड़ते झगड़ते नहीं देखा गया है। विराट कोहली को करीब से जानने वाले भी उनके बारे में ऐसा कुछ नहीं बताते। दूसरी तरफ मैदान पर भी विराट सिर्फ विपक्षी खिलाड़ियों के साथ मुंह से बहसबाजी करते हैं। हाल ही में आईपीएल 2023 के दौरान कोहली और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाड़ी नवीन उल हक के बीच गर्मा-गर्मी हुई थी, हालांकि इस दौरान भी कोहली सिर्फ वरबल फाइट करते दिखे थे।