पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही है। हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा, जहां उसे तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-3 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा। इस खराब प्रदर्शन के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सीरीज के दौरान कई बड़े फैसले भी लिए, लेकिन इन बदलावों के बावजूद टीम की किस्मत नहीं बदली और उसे सीरीज में एक भी जीत नसीब नहीं हुई।
सीरीज के दौरान PCB ने शुरुआती दो टेस्ट में मिली हार के बाद सात खिलाड़ियों को वापस घर भेज दिया, जबकि हेड कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी बीच सीरीज में हटा दिया गया। उनकी जगह माइक हेसन और एश्ले नॉफके को जिम्मेदारी दी गई। तीसरे टेस्ट से पहले जब टॉस के दौरान बाबर आजम से इन बदलावों के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
बाबर के इस बयान पर अब पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने मैनचेस्टर में हुए एक इवेंट के दौरान तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल किया कि अगर कप्तान को ही यह नहीं पता कि टीम के अंदर क्या चल रहा है, तो फिर वह वहां क्या कर रहा था।
वसीम अकरम ने इस दौरान यह तक कह दिया कि, “बाबर आजम ने कहा कि उसे पता नहीं था। अगर आपको पता नहीं है तो आप यहां क्या कर रहे थे? तू छोले बेचने आया है?”
VIDEO:
गौरतलब है कि बाबर आजम ने 5 जुलाई को शान मसूद की जगह पाकिस्तान की टेस्ट कप्तानी दोबारा संभाली थी। इससे पहले वह 2020 से 2023 तक पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान रह चुके थे। दूसरी बार कप्तानी संभालने के बाद पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज 1-1 से ड्रॉ कराई और इसके बाद टीम इंग्लैंड पहुंची। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में पाकिस्तान का प्रदर्शन लगातार खराब होता चला गया।
Also Read: LIVE Cricket Score
पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हराया। इसके बाद लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने 194 रन से जीत दर्ज कर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। इन दो हार के बाद PCB ने टीम में बड़े बदलाव किए। सात खिलाड़ियों को वापस भेज दिया गया और कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किया गया। इसके बावजूद तीसरे टेस्ट में पाकिस्तान की स्थिति नहीं बदली और एजबेस्टन में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।